वायनाड के पूर्व सांसद कहीं मिल नहीं रहे हैं, भाजपा ने पोस्टर शेयर कर राहुल गांधी पर कसा तंज
नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भाजपा ने तीखा हमला बोलते हुए सवाल उठाया है कि इस वक्त राहुल गांधी कहां हैं? भाजपा की तमाम राज्य इकाइयों के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राहुल गांधी पर कटाक्ष करने वाले पोस्टर और पोस्ट शेयर किए गए हैं।
भाजपा की तरफ से सवाल उठाया गया है कि इस वक्त राहुल गांधी कहां हैं? क्या वह विदेश यात्रा पर हैं? क्या वह विदेश यात्रा के लिए चीन या थाईलैंड गए हुए हैं?
तेलंगाना भाजपा ने राहुल गांधी पर बनाया एक पोस्टर शेयर कर लिखा है कि भारत की आलोचना करो, चीन का महिमामंडन करो। इसे दोहराओ। राहुल की विदेश नीति की कार्यशैली।
केरल भाजपा ने लिखा कि 'खोए-पाए की सूचना: वायनाड के पूर्व सांसद आखिरी बार केरल से अटूट प्यार का वादा करते हुए देखे गए थे, अब कहीं नहीं मिल रहे हैं।'
गोवा भाजपा ने लिखा कि राहुल गांधी कहां हैं? क्या वह थाईलैंड में छुट्टियां मना रहे हैं या किसी गुप्त यात्रा पर भारत के खिलाफ नए प्रोपेगैंडा अभियान की योजना बना रहे हैं?
अरुणाचल प्रदेश भाजपा की तरफ से लिखा गया कि जब भी कोई अहम सवाल उठता है, राहुल गांधी का पता ही नहीं चलता। क्या वह फिर से चीन में हैं? या फिर कांग्रेस पार्टी के गुप्त समझौता ज्ञापन को फिर से नया रूप दिया जा रहा है? भारत को अभी इन सवालों के जवाब का इंतजार है।
इस तरह के तंजिया पोस्टर भाजपा की तमाम राज्य इकाइयों की तरफ से शेयर किए गए हैं, जिसमें सवाल उठाया गया है कि क्या राहुल गांधी देश में ही हैं या कहीं विदेश यात्रा पर गए हैं।
हालांकि भाजपा की राज्य इकाइयों ने राहुल गांधी पर एकजुट होकर निशाना साधा और जवाब मांगा, लेकिन कांग्रेस की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
गुरुवार सुबह राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने लिखा कि सत्ता के अहंकार में डूबी सरकार अब इस मुकाम पर पहुंच गई है कि अपने अधिकारों, निष्पक्ष परीक्षाओं और सुरक्षित भविष्य की मांग करने वाले छात्रों को ही शिक्षा मंत्री 'आतंकवादी' कह रहे हैं। जो भी सरकार से सवाल पूछे—उसे देशद्रोही बता दो, यही इनकी पूरी राजनीति है।
उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से माफी मांगने और नाकामियों के लिए इस्तीफा देने की मांग भी की।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी