ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर अमित शाह और ओम बिरला समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। समाज सुधारक और क्रांतिकारी दूरदर्शी महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला समेत कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। शाह ने कहा कि ज्योतिबा फुले का जीवन और विचार आज भी हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "सामाजिक क्रांति के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले जी को उनकी पुण्यतिथि पर नमन करता हूं। महात्मा फुले का स्पष्ट मानना था कि शिक्षा ही समाज में परिवर्तन और प्रगति का सबसे मजबूत माध्यम है। उन्होंने बालिकाओं के लिए विद्यालय खोलकर नारी शिक्षा की मजबूत नींव रखी और 'सत्यशोधक समाज' की स्थापना कर समरसता व समानता का मार्ग दिखाया। उनका जीवन और विचार आज भी हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत हैं।"
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने लिखा, "महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाले महान समाज सुधारक और क्रांतिकारी दूरदर्शी महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।"
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पोस्ट किया, "महान समाज सुधारक और चिंतक महात्मा ज्योतिबा फुले जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। महिलाओं के सम्मान, शिक्षा और सामाजिक समानता के लिए समर्पित आपका जीवन राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणा का केंद्र रहेगा।"
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करते हुए 'एक्स' पोस्ट में कहा, "महात्मा फुले ने उस दौर में समाज में व्याप्त जातिगत भेदभाव, छुआछूत, अशिक्षा और स्त्री-असमानता जैसी कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाई, जब इन रूढ़ियों को चुनौती देना भी साहस का कार्य था। उन्होंने सावित्रीबाई फुले जी के साथ मिलकर वर्ष 1848 में पुणे में बालिकाओं की शिक्षा के लिए विद्यालय की स्थापना की और शिक्षा को समाज के वंचित वर्गों तक पहुँचाने का ऐतिहासिक प्रयास किया।"
बिरला ने आगे लिखा, "वर्ष 1873 में सत्यशोधक समाज की स्थापना के माध्यम से उन्होंने सामाजिक समानता, बंधुत्व और शोषणमुक्त समाज की दिशा में संगठित पहल की। विधवाओं के संरक्षण, स्त्रियों के सम्मान और वंचित समुदायों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष सामाजिक परिवर्तन की एक महत्त्वपूर्ण धारा बना।"
उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, "महात्मा ज्योतिबा फुले का मानना था कि शिक्षा ही वह प्रकाश है, जो अज्ञान, अन्याय और सामाजिक विषमता के अंधकार को दूर कर सकती है। उनका चिंतन हमें स्मरण कराता है कि किसी भी समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब शिक्षा, सम्मान और अवसर प्रत्येक व्यक्ति तक समान रूप से पहुंचें। उनका जीवन, विचार और संघर्ष आज भी समतामूलक, न्यायपूर्ण और संवेदनशील समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं। उनके आदर्शों को अपने आचरण में उतारना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।"
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया। नितिन नवीन ने पोस्ट किया, "वर्ष 1848 में माता सावित्रीबाई फुले जी के साथ पुणे में बालिकाओं के लिए विद्यालय स्थापित कर उन्होंने स्त्री शिक्षा की दिशा में ऐतिहासिक पहल की। 'सत्यशोधक समाज' के माध्यम से जातिगत भेदभाव और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष किया। वंचितों के सम्मान और शिक्षा के प्रति उनका समर्पण सदैव हमें समतामूलक समाज के निर्माण की प्रेरणा देता रहेगा।"
--आईएएनएस
डीसीएच/