×

'प्रधानमंत्री मोदी 10 जून को रचेंगे इतिहास', भाजपा नेताओं ने उनके कार्यों की प्रशंसा की

 

नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जून को देश के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बन जाएंगे। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। इस मौके पर भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हुए उनके समर्पण और विकास कार्यों को देश के लिए अच्छा बताया है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “भारत की जनता ने नरेंद्र मोदी पर इतना भरोसा जताया है, जो एक साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं और जिनका कोई राजनीतिक पारिवारिक इतिहास नहीं था। 10 जून को वे सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन जाएंगे और जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।"

उन्होंने कहा कि पिछले 9,000 दिनों को देखें तो चाहे मुख्यमंत्री के रूप में हो या प्रधानमंत्री के रूप में, उन्होंने एक दिन की भी छुट्टी नहीं ली है। उन्होंने एक भी दिन निजी मामलों पर ध्यान देने में नहीं बिताया।”

भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने इसे देश के लिए गर्व और सम्मान की बात बताते हुए कहा, “यह देश के लिए बहुत गर्व और सम्मान की बात है कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। अब सवाल यह नहीं है कि वे कितने समय तक पद पर रहेंगे, बल्कि लक्ष्य 2047 तक भारत को विश्वगुरु और सबसे विकसित राष्ट्र बनाने का है। पूरा देश उनके नेतृत्व में प्रधानमंत्री के सपनों और संकल्पों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।”

भाजपा विधायक राम कदम ने प्रधानमंत्री के कार्यकाल में हो रहे विकास को देश के लिए अच्छा बताया। उन्होंने कहा, “मई 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली, तब भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में 11वें स्थान पर थी। धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन गया है। आज हर गांव तक बिजली पहुंच गई है, गांवों को सड़कों से जोड़ा गया है। जिन घरों में लोग पहले खुले में शौच करते थे, वहां शौचालय बनाए गए हैं।"

उन्होने कहा कि पीने का स्वच्छ पानी पहुंचाया गया है और पूरे देश में बिजली का विस्तार किया गया है। भाजपा राज में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ मोदी सरकार ने देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।

--आईएएनएस

एसएके/डीकेपी