जेपीएससी-जेएसएससी विवाद: 10 घंटे से हिरासत में भाजपा विधायक-नेता, बाउरी की मांग- रिहा करे या जेल भेजे सरकार
रांची, 10 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री आवास के बाहर सोमवार को प्रदर्शन करने वाले भाजपा विधायक और नेता करीब 10 घंटे से कैंप जेल में पुलिस हिरासत में है।
सुबह करीब साढ़े नौ बजे मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना देने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में पहुंचे भाजपा नेताओं और विधायकों को पुलिस ने हिरासत में लिया था। इसके बाद उन्हें खेलगांव स्थित कैंप जेल ले जाया गया। हिरासत में लिए गए नेताओं में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और दीपक प्रकाश समेत कई नेता और विधायक शामिल हैं।
शाम 7.30 बजे तक उन्हें रिहा नहीं किया गया है। भाजपा विधायकों को ऐसे समय हिरासत में रखा गया है, जब झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र भी चल रहा है। इस बीच भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने नेताओं को घंटों हिरासत में रखे जाने पर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इसे ‘तानाशाही’ करार दिया और कहा कि अगर भाजपा नेताओं ने कोई अपराध किया है तो सरकार उन्हें जेल भेजे, अन्यथा तत्काल रिहा करे।
बाउरी ने कहा कि सदन की कार्यवाही चल रही है और विपक्ष के विधायक हिरासत में रखे गए हैं। उन्होंने दावा किया कि देश के इतिहास में यह पहला मौका है, जब सदन के चलते समय विपक्ष के सभी विधायकों को हिरासत में रखा गया है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए ‘काला दिवस’ बताया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठाया।
बाउरी ने कहा कि जब विधानसभा का सत्र चल रहा है तो विपक्ष के विधायकों को हिरासत में रखे जाने पर अध्यक्ष को संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या केवल सत्ता पक्ष के विधायकों से विधानसभा की कार्यवाही चल सकती है। बाउरी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के राज्यसभा सांसद को सदन की कार्यवाही में शामिल होने से रोका गया।
उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाने वाले नेताओं को हिरासत में रखना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर सवाल है। उन्होंने राज्य सरकार से हिरासत में लिए गए सभी भाजपा नेताओं को तत्काल रिहा करने की मांग की।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी