×

जोहान इमैनुएल ने कतर में इतिहास रचा, क्यूएसटीके 600 चैंपियनशिप जीती

 

दोहा, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के जोहान इमैनुएल ने कावासाकी जेडएक्स-6 पर सवार होकर इतिहास रच दिया। जोहान पहले ऐसे भारतीय बन गए हैं, जिन्होंने प्रतिष्ठित कतर सुपरस्टॉक 600 चैंपियनशिप (क्यूएसटीके) जीती। उन्होंने इस क्लास में अपने पहले ही सीजन के अंतिम राउंड में दोनों रेस जीतकर शानदार समापन किया।

चेन्नई के रहने वाले 19 वर्षीय जोहान इस वीकेंड की दो रेस से पहले चैंपियनशिप लीडर हंगरी के मार्टन बेलेली से 9 प्वाइंट पीछे चल रहे थे, उन्हें खिताब पक्का करने के लिए दोनों रेस जीतना जरूरी था। जोहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऐसा ही किया।

क्वालीफाइंग में दूसरे स्थान पर रहने के बाद, जोहान ने भारी दबाव के बावजूद दोनों रेस जीतीं और 21 प्वाइंट की बढ़त के साथ चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। उन्होंने 10 में से 6 रेस जीतकर सीजन खत्म किया, जबकि इस दौरान उन्हें 200 किलोमीटर/प्रतिघंटा की रफ्तार से हुई एक दुर्घटना और मैकेनिकल दिक्कतों के कारण तीन बार रेस से बाहर भी होना पड़ा था।

रेस के बाद जोहान ने 600 सीसी की मशीन पर अपने पहले ही सीजन में अपना पहला इंटरनेशनल खिताब जीतने को एक अविश्वसनीय पल बताया। उन्होंने कहा कि वे इस नतीजे से बहुत खुश हैं और उन्हें लगता है कि उनकी सारी मेहनत और त्याग का आखिरकार फल मिल ही गया। हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह उपलब्धि तो अभी आगे आने वाले एक लंबे सफर की बस शुरुआत भर है।

रेस के बाद जोहान ने कहा, "600 सीसी की मशीन पर अपने पहले ही सीजन में अपना पहला इंटरनेशनल खिताब जीतना एक अविश्वसनीय एहसास है। रेस के बाद मैं बहुत उत्साहित था। मेरी सारी मेहनत और त्याग का फल मिल गया, लेकिन यह तो बस शुरुआत है। अभी आगे बहुत लंबा सफर तय करना है।"

जोहान का खिताब तक का सफर बिल्कुल भी आसान नहीं था। सीजन की शुरुआत में 200 किलोमीटर/प्रतिघंटा की रफ्तार से हुई एक दुर्घटना उनके अभियान को पटरी से उतार सकती थी, लेकिन इसके बजाय, वह एक अहम मोड़ बन गई। इमैनुएल और भी मजबूत होकर लौटे, और उन्होंने उस झटके को चैंपियनशिप जीतने के अपने लक्ष्य के लिए प्रेरणा के तौर पर इस्तेमाल किया।

पूरे सीजन के दौरान, जोहान ने जबरदस्त निरंतरता और रफ्तार दिखाते हुए 10 में से 6 रेस जीतीं। उनकी यह जीत एक ऐतिहासिक माइलस्टोन है, जिसने उन्हें क्यूएसटीके ट्रॉफी खिताब जीतने वाला पहला भारतीय राइडर बना दिया है। यह उपलब्धि उन्होंने 600 सीसी कैटेगरी में अपने पहले ही सीजन में हासिल की है।

--आईएएनएस

आरएसजी