जोधपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल पश्चिमी राजस्थान के विकास का बड़ा आधारः राम मोहन नायडू किंजरापू
जोधपुर, 4 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जोधपुर दौरे दौरे पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापू ने नए एयरपोर्ट टर्मिनल को पश्चिमी राजस्थान के विकास का बड़ा आधार बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक टर्मिनल भवन नहीं, बल्कि जोधपुर की अर्थव्यवस्था, पर्यटन, व्यापार और रोजगार को नई दिशा देने वाला प्रोजेक्ट है।
मीडिया से बातचीत में मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापू ने कहा कि इस परियोजना को समय पर पूरा कराने में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने निर्माण कार्य की लगातार समीक्षा की और आर्किटेक्चर, टाइल्स, ग्लास सहित हर छोटे-बड़े पहलू पर व्यक्तिगत रूप से नजर रखी। इसके लिए उन्होंने गजेंद्र सिंह शेखावत और जोधपुर की जनता को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का स्पष्ट विजन है कि जहां-जहां नागरिक उड्डयन का विस्तार होगा, वहां केवल यात्रियों को ही नहीं बल्कि पूरे शहर की अर्थव्यवस्था, व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और हर वर्ग के नागरिकों को इसका लाभ मिलेगा। नए टर्मिनल में मारवाड़ की संस्कृति, विरासत और स्थापत्य कला की झलक दिखाई देती है, जिससे यहां आने वाले यात्रियों को राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान का अनुभव होगा।
राम मोहन नायडू किंजरापू ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में जोधपुर एयरपोर्ट की वार्षिक यात्री क्षमता लगभग 4 लाख से बढ़कर करीब 11 लाख हो गई है। अब सरकार का लक्ष्य देश के अन्य प्रमुख शहरों से जोधपुर की हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के साथ-साथ भविष्य में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत की दिशा में भी प्रयास करना है।
उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से जोधपुर के हस्तशिल्प, स्थानीय बाजार, पर्यटन और विशेष रूप से वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में शहर की पहचान को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। मंत्रालय इस दिशा में लगातार काम करेगा।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि आज नई उड़ान योजना के नए चरण का शुभारंभ भी किया गया है। पिछले दस वर्षों में उड़ान योजना ने देश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाया है और आने वाले वर्षों में भी इसी सोच के साथ देशभर में हवाई सेवाओं का विस्तार जारी रहेगा।
--आईएएनएस
ओपी/वीसी