×

जेएनयू अर्बन नक्सल का केंद्र बन गया है : गिरिराज सिंह

 

नई दिल्ली, 23 फरवरी (आईएएनएस)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में रविवार की रात एबीवीपी और लेफ्ट समर्थकों में मारपीट के बाद जबरदस्त हंगामा हुआ। दोनों पक्षों की ओर से काफी देर तक पत्थरबाजी भी हुई। इस पूरे मामले पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का बयान सामने आया है। गिरिराज सिंह ने कहा कि जेएनयू अर्बन नक्सल का केंद्र बन गया है।

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि मैं इस पूरे मामले पर बस यह कहना चाहता हूं कि जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी अर्बन नक्सल का हब बन गई है और वर्षों से इंडियन नेशनल कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों की सरकारों समेत, एक के बाद एक सरकारों ने इसे बढ़ावा दिया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वहां जो एक्टिविटीज हो रही हैं, वे अर्बन नक्सल से जुड़ी एक्टिविटीज जैसी ही हैं। यह एबीवीपी का सवाल नहीं है। वहां कम्युनिस्ट के शिकंजे में जो भी छात्र नहीं आते हैं, तो उन्हें पीटा जाता है, जो उनकी बात को नहीं मानते हैं, उन पर हमला किया जाता है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के बारे में अब क्या कहा जा सकता है। हिमंता बिस्वा सरमा पहले ही उन पर कमेंट कर चुके हैं। ऐसा लगता है कि राहुल गांधी के नाम पर जो शर्टलेस प्रोटेस्ट एआई समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया, वह देश के खिलाफ था, और ऐसे काम बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

गिरिराज सिंह ने कहा कि एआई समिट में जो भी राहुल गांधी के इशारे पर किया गया, उसकी चौतरफा निंदा हो रही है। लेकिन, कांग्रेसी खेमे में इसे लेकर मलाल नहीं है। मुझे तो ऐसी चिंता है कि अगले संसद सत्र में राहुल गांधी कहीं बनियान में शामिल होने न आ जाएं।

उन्होंने कहा कि इसीलिए राहुल गांधी के ब्रेन की मैपिंग होनी चाहिए। उनकी कांग्रेस के अंदर और बाहर निंदा हो रही है, इनकी ब्रेन मैपिंग होनी चाहिए। यह भी बताना चाहिए कि हिमंता बिस्वा सरमा जो कह रहे हैं, वह सही है।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम