जेएमआई जॉब अपडेट : प्रोजेक्ट रिसर्च साइंटिस्ट सहित कई पदों पर आवेदन शुरू
नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। देश के किसी भी प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में काम करने के इच्छुक लोगों के लिए एक शानदार अवसर सामने आया है। जामिया मिलिया इस्लामिया (जेएमआई) ने संविदा के आधार पर प्रोजेक्ट रिसर्च साइंटिस्ट सहित विभिन्न पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।
जेएमआई की ओर से जारी रिक्तियों में परियोजना अनुसंधान वैज्ञानिक-I (गैर-चिकित्सा) का 1, परियोजना तकनीकी सहायक-III का 1 और परियोजना तकनीकी सहायक-II का 1 पद शामिल हैं। इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन (ईमेल) माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 25 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 10 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
प्रोजेक्ट रिसर्च साइंटिस्ट-I (नॉन-मेडिकल) पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास जीवन विज्ञान/पर्यावरण विज्ञान/प्राणी विज्ञान/जैव प्रौद्योगिकी/जीव विज्ञान या जीवन विज्ञान के किसी भी क्षेत्र में प्रथम श्रेणी की पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री होनी चाहिए। वहीं, पीसीआर, क्यूआरटी-पीसीआर, आरएनए/डीएनए पृथक्करण और प्रोटीन विश्लेषण (वेस्टर्न ब्लॉट/ईएलआईएसए) में व्यावहारिक अनुभव के साथ ही प्रायोगिक डिजाइन, डेटा विश्लेषण और व्याख्या में अनुभव वाले को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रोजेक्ट टेक्निकल सपोर्ट-III पद के लिए संबंधित विषय/क्षेत्र में 3 वर्षीय ग्रेजुएशन डिग्री के साथ 3 वर्ष का पोस्ट-ग्रेजुएशन अनुभव या संबंधित विषय/क्षेत्र में मास्टर डिग्री होनी चाहिए। वहीं, प्रयोगशाला तकनीकों, नमूना प्रसंस्करण और अनुसंधान डेटा के प्रबंधन में अनुभव वाले को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रोजेक्ट टेक्निकल सपोर्ट-II पोस्ट के लिए विज्ञान विषय में 12वीं उत्तीर्ण के साथ डिप्लोमा (एमएलटी/डीएमएलटी/इंजीनियरिंग या समकक्ष) और संबंधित विषय/क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव या संबंधित विषय/क्षेत्र में 3 वर्षीय ग्रेजुएशन डिग्री के साथ संबंधित विषय/क्षेत्र में 2 वर्ष का अनुभव होना चाहिए। वहीं, बुनियादी प्रयोगशाला तकनीकों, अभिकर्मक तैयार करने, जैव सुरक्षा प्रक्रियाओं, नसबंदी (ऑटोक्लेविंग), प्रयोगशाला उपकरणों (सेंट्रीफ्यूज, माइक्रोपिपेट, जैव सुरक्षा कैबिनेट, इनक्यूबेटर) के संचालन, मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी), लॉग और इन्वेंट्री के रखरखाव का अनुभव वाले को प्राथमिकता दी जाएगी।
आवेदकों की अधिकतम आयु पद अनुसार, 30 से 35 वर्ष के बीच तय की गई है। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को आईसीएमआर/विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 20,000 से 56,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले जेएमआई की ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। सीवी और सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स को एक ही पीडीएफ फाइल में संयोजित कर दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले डाक कर दें।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम