जेकेएसएसबी ने ड्राफ्ट्समैन और वर्क्स सुपरवाइजर के 357 पदों पर निकाली भर्ती, 30 अगस्त तक आवेदन का अवसर
श्रीनगर, 20 अगस्त (आईएएनएस)। सिविल सेवक बनने की इच्छा रखने वालों के लिए एक खास मौका सामने आया है। दरअसल, जम्मू-कश्मीर सर्विस सिलेक्शन बोर्ड (जेकेएसएसबी) ने जम्मू-कश्मीर सरकार के पब्लिक वर्क्स (आर एंड बी) विभाग में सीधी भर्ती के जरिए खाली कुल 357 पदों को भरने के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।
जेकेएसएसबी ने लोक निर्माण (सड़क और भवन) विभाग में जिन 357 पदों पर भर्ती निकाली है, उनमें ड्राफ्ट्समैन (सिविल) - जम्मू डिवीजन के 48, ड्राफ्ट्समैन (सिविल) - कश्मीर डिवीजन के 49, वर्क्स सुपरवाइजर - जम्मू डिवीजन के 194 और वर्क्स सुपरवाइजर - कश्मीर डिवीजन के 66 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 अगस्त तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार जेकेएसएसबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से ड्राफ्ट्समैन पद के लिए ड्राफ्ट्समैन का दो वर्ष का ट्रेनिंग कोर्स (सर्टिफिकेट/डिप्लोमा) और वर्क्स सुपरवाइजर पोस्ट के लिए मैट्रिकुलेशन परीक्षा पास या उसके बराबर की योग्यता और साथ ही बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन या कारपेंट्री ट्रेड में आईटीआई सर्टिफिकेट होनी चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्ल को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित/ओएमआर परीक्षा के आधार पर मेरिट और दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी ड्राफ्ट्समैन पद के लिए 25,500 से 81,100 रुपए के बीच और वर्क्स सुपरवाइजर पोस्ट के लिए 15,900 से 50,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन फॉर्म भरते समय अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य श्रेणी के लिए 600 रुपए और एससी, एसटी-1, एसटी-2, ईडब्ल्यूएस और पीडब्ल्यूबीडी कैटेगरी से आने वाले उम्मीदवारों के लिए 500 रुपए तय किया गया है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी