जेकेएसएसबी भर्ती 2026: सब-इंस्पेक्टर सहित 72 पदों पर नौकरी का अवसर, इस तिथि तक करें आवेदन
श्रीनगर, 20 अगस्त (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। जम्मू और कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) ने कश्मीरी प्रवासियों और गैर-प्रवासी कश्मीरी पंडितों के लिए पीएम पैकेज के तहत विभिन्न विभागों में संबंधित डिविजनल कैडर के कुल 72 पदों पर उम्मीदवारों की भर्ती की घोषणा एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके की है।
जेकेएसएसबी की ओर से जारी 72 रिक्तियों की नियुक्ति सीधी भर्ती के तहत आपदा प्रबंधन, राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण विभागों में की जाएगी। वहीं, जेकेएसएसबी की ओर से आपदा प्रबंधन, राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण विभागों में जारी 72 रिक्तियों में ड्राफ्ट्समैन (सिविल) - लोक निर्माण (सड़क और भवन) का 1, सब-इंस्पेक्टर (वित्त विभाग) के 39, जूनियर स्टैटिस्टिकल असिस्टेंट (योजना, विकास और निगरानी विभाग) के 2, मोटर व्हीकल ट्रैफिक असिस्टेंट (एमवीटीए) - (परिवहन विभाग) का 1, जूनियर लाइब्रेरियन (स्कूली शिक्षा विभाग) के 10, लाइब्रेरी असिस्टेंट (स्कूली शिक्षा विभाग) के 5 और डिपो असिस्टेंट (खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग) के 14 पद शामिल हैं।
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 10 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 सितंबर तक तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे जेकेएसएसबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर लें।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से ड्राफ्ट्समैन (सिविल) के लिए दो वर्ष का ड्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग कोर्स सर्टिफिकेट/डिप्लोमा; सब-इंस्पेक्टर के लिए ग्रेजुएशन की डिग्री; जूनियर स्टैटिस्टिकल असिस्टेंट के लिए इकोनॉमिक्स/स्टैटिस्टिक्स/मैथमेटिक्स/कॉमर्स/कंप्यूटर एप्लीकेशन/इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में से किसी एक वैकल्पिक विषय के साथ बैचलर डिग्री; मोटर व्हीकल ट्रैफिक असिस्टेंट (एमवीटीए) के लिए कम से कम 10वीं पास और आईटीआई मोटर मैकेनिक (व्हीकल) का दो वर्ष का कोर्स किया हो, इसके साथ ही गियर वाली मोटरसाइकिल और हल्के मोटर वाहनों (एलएमडब्ल्ययू) का ड्राइविंग लाइसेंस हो; जूनियर लाइब्रेरीन के लिए लाइब्रेरी साइंस में बैचलर डिग्री; लाइब्रेरी असिस्टेंट के लिए बैचलर डिग्री और साथ ही लाइब्रेरी साइंस में डिग्री या डिप्लोमा; और डिपो असिस्टेंट के लिए मैट्रिकुलेशन या उसके समकक्ष योग्यता होनी चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्ल को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित/ओएमआर परीक्षा के आधार पर मेरिट और दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। वहीं, चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 14,800 से 92,300 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन फॉर्म भरते समय अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य श्रेणी के लिए 600 रुपए और एससी, एसटी-1, एसटी-2, ईडब्ल्यूएस और पीडब्ल्यूबीडी कैटेगरी से आने वाले उम्मीदवारों के लिए 500 रुपए तय किया गया है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी