×

जीतू पटवारी का सीएम मोहन यादव को पत्र-'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम की मांग

 

भोपाल 2 सितंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का 12 सितंबर को इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर इस कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर कहा है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा इंदौर के नेहरू स्टेडियम में “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम आयोजित किए जाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है। 12 सितंबर को इस आयोजन में देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी युवाओं और विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम सामान्य राजनीतिक आयोजन नहीं है। यह देश के भविष्य, युवाओं के सपनों, शिक्षा के अधिकार और शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित एक सार्थक जनसंवाद है।

युवाओं की समस्याओं का जिक्र करते हुए जीतू पटवारी ने पत्र में लिखा है कि आज देश का युवा शिक्षा, रोजगार, अवसर और अपने बेहतर भविष्य को लेकर अनेक प्रश्नों के साथ खड़ा है। उसके सपनों को मजबूत आधार देने के लिए गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित शिक्षा आवश्यक है। युवाओं के सपने तभी सुरक्षित रहेंगे, जब शिक्षा सुरक्षित रहेगी और शिक्षा बचेगी, तभी देश का भविष्य बचेगा।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे अभियान का जिक्र करते हुए जीतू पटवारी ने लिखा है कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष के रूप में लगातार देश के युवाओं और विद्यार्थियों से जुड़े विषयों को राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में लाने का प्रयास कर रहे हैं। शिक्षा की सुरक्षा, विद्यार्थियों के अधिकार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर जनजागृति का यह प्रयास लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत करने वाला है। 'छात्रों की गूंज' का उद्देश्य भी यही है, विद्यार्थियों को अपनी बात कहने का मंच देना, उनके सपनों और चिंताओं को सुनना तथा शिक्षा और भविष्य से जुड़े विषयों पर एक सार्थक संवाद स्थापित करना।

उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि राहुल गांधी देश के नेता प्रतिपक्ष एवं संवैधानिक पद पर आसीन जनप्रतिनिधि हैं। ऐसे में विद्यार्थियों और युवाओं के साथ उनके संवाद के लिए इंदौर का नेहरू स्टेडियम उपलब्ध करवाना इस आयोजन के महत्व के अनुरूप उचित होगा। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान करें तथा इंदौर के नेहरू स्टेडियम को तत्काल उपलब्ध करवाने की अनुमति दें।

--आईएएनएस

एसएनपी/एसके