☰
×

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र पर भाजपा की रणनीति तैयार, खनिज कानून और एसआईआर पर सरकार पर गुमराह करने का आरोप

 

रांची, 23 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को होने वाले विशेष सत्र को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है। सोमवार शाम को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक हुई।

बैठक के बाद पार्टी के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में विशेष सत्र बुलाकर जनता को गुमराह कर रही है।

उन्होंने इसे इंडी गठबंधन के राजनीतिक नैरेटिव का हिस्सा बताया। जायसवाल ने कहा कि एसआईआर पहली बार नहीं हो रहा है। यह चुनाव आयोग की ओर से कराई जा रही संवैधानिक प्रक्रिया है। इसमें बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर फॉर्म भरवाते हैं। पूरी प्रक्रिया उपायुक्तों की निगरानी में राज्य के अधिकारी और सरकारी एजेंसियां पूरी करती हैं। ऐसे में राज्य सरकार का एसआईआर का विरोध करना समझ से परे है।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार अपनी ही निगरानी में चल रही प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रही है? ईवीएम के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस लगातार इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन पर सवाल उठाती है। अगर पार्टी को ईवीएम पर भरोसा नहीं है तो झारखंड में इसी व्यवस्था से चुनी गई सरकार और उसके विधायकों को पहले नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और ईवीएम से जीतकर विधानसभा पहुंचे झामुमो, कांग्रेस तथा राजद के विधायकों से इस्तीफे की मांग की। एमएमडीआर के मुद्दे पर जायसवाल ने कहा कि यह कानून पूरे देश के लिए है, केवल झारखंड के लिए नहीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सेस और टैक्स लगाकर कोयले की कीमत बढ़ाना चाहती है। इससे कोयले की बिक्री प्रभावित हो रही है। उन्होंने दावा किया कि दूसरे राज्यों में कोयले की बिक्री बढ़ रही है, जबकि झारखंड में घट रही है।

उनके अनुसार, सरकार वैध कोयले की बिक्री को प्रभावित कर रही है और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की कोशिशों का विरोध कर रही है। विधायक दल की बैठक में नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, डॉ. नीरा यादव, राज सिन्हा, नागेंद्र महतो, शशिभूषण मेहता, आलोक चौरसिया, रोशनलाल चौधरी, अमित यादव, कुमार उज्ज्वल और मंजू कुमारी मौजूद थे।

--आईएनएस

एसएनसी/एमएस