×

झारखंड: स्वास्थ्य मंत्री ने 76 चिकित्सा पदाधिकारियों को सौंपा नियुक्ति पत्र, जल्द होगी 1250 डॉक्टरों की बहाली

 

रांची, 24 मार्च (आईएएनएस)। विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर मंगलवार को रांची के नामकुम स्थित आईपीएच सभागार में आयोजित समारोह के दौरान स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने संविदा-आधारित चयनित 76 चिकित्सा पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

इस मौके पर उन्होंने चिकित्सकों के योगदान को समाज के लिए अमूल्य बताते हुए घोषणा की कि राज्य में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए शीघ्र ही जेपीएससी के माध्यम से 1250 पदों पर नियमित नियुक्तियां की जाएंगी।

उन्होंने नवनियुक्त डॉक्टरों से आह्वान किया कि वे न केवल मरीजों का उपचार करें, बल्कि अस्पतालों की व्यवस्थागत कमियों से भी सरकार को अवगत कराएं ताकि आवश्यक सुधार किए जा सकें। स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का खाका पेश किया।

उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में 8 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कार्य हुआ है और राज्य में पहली बार मेडिकल यूनिवर्सिटी की स्थापना की गई है, जिससे स्थानीय छात्रों को यहीं चिकित्सा शिक्षा मिल सकेगी।

डॉ. अंसारी ने कहा कि प्रमुख अस्पतालों में सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि मरीजों को दूसरे राज्यों में रेफर न करना पड़े। साथ ही, ब्लड सप्लाई सिस्टम को सुदृढ़ करने के लिए टोल-फ्री नंबर-आधारित नई व्यवस्था और सिकल सेल एनीमिया व थैलेसीमिया की पहचान के लिए राज्यव्यापी जांच अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण के लिए अस्पतालों में एआई और रोबोटिक तकनीक लागू करने की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है। विश्व यक्ष्मा दिवस के संदर्भ में मंत्री ने वर्ष 2030 तक 'टीबी मुक्त झारखंड' बनाने के लक्ष्य को दोहराया और इस अभियान के तहत जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि टीबी उन्मूलन के लिए इस वर्ष 12 लाख लोगों की जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा पदाधिकारियों की यह नियुक्ति पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से की गई है। वहीं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने आगामी 100 दिनों में राज्य के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर टीबी स्क्रीनिंग और जागरूकता कार्यों में तेजी लाने की बात कही।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएसएच