☰
×

झारखंड : साहिबगंज में मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति की गला रेतकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

 

साहिबगंज, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के साहिबगंज जिले में रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले एक व्यक्ति की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर चौक के पास मुख्य सड़क की है।

मृतक की पहचान मोहनपुर गांव निवासी गौर चंद्र बागती के रूप में हुई है। सड़क किनारे खून से लथपथ शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, गौर चंद्र बागती रोज सुबह टहलने के लिए घर से निकलते थे।

चंद्र बागती रविवार सुबह अपने घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान मोहनपुर चौक के पास अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियार से उनके गले पर वार किया। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सुबह सड़क से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने शव को देखा और इसकी सूचना पुलिस तथा ग्रामीणों को दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। घटना की सूचना मिलते ही राधानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राजमहल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विमलेश कुमार त्रिपाठी और पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास से साक्ष्य जुटाए हैं। फॉरेंसिक टीम की मदद से भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात के पीछे क्या कारण हो सकता है और हमलावर कौन थे। हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

--आईएएनएस

एसएनसी/वीकेयू