झारखंडः रामगढ़ के चितरपुर में टाटा मैजिक और हाइवा की टक्कर में दो की मौत, चार घायल
रामगढ़, 26 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना चितरपुर स्थित काली चौक के पास टाटा मैजिक और हाइवा के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में हुई।
घायलों में एक की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है और उसे बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टाटा मैजिक गोला से रामगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान चितरपुर काली चौक के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक हाइवा से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टाटा मैजिक के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि मैजिक में कुल छह लोग सवार थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार घायलों का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हाइवा (जेएच 02 बीजेड 3351) को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है, जबकि चालक की तलाश की जा रही है।
शुरुआती तौर पर मृतकों के गोला क्षेत्र का निवासी होने की बात सामने आई है, हालांकि उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी थी। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू करते हुए दुर्घटना के कारणों की छानबीन तेज कर दी है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएस