झारखंड: पलामू में बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या, जंगल से बरामद हुआ शव
पलामू, 4 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू जिले में बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत अरका पंचायत के काजी पकरी गांव निवासी राजदेव महतो के रूप में हुई है। उनका शव बुधवार को गांव से कुछ दूरी पर स्थित कुसुमटाड़ जंगल से बरामद किया गया।
राजदेव महतो 27 फरवरी की रात से लापता थे। वह गांव में आयोजित एक श्राद्ध भोज में शामिल होने गए थे। परिजनों के मुताबिक, भोज के बाद उन्होंने शराब पी थी। उनकी पत्नी दुलारी देवी रात में यह सोचकर अकेले घर लौट आईं कि उनके पति बाद में आ जाएंगे। हालांकि, वह वापस नहीं लौटे। परिवार के लोगों ने अगले दिन से उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार की सुबह कुसुमटाड़ जंगल की ओर से दुर्गंध आने पर ग्रामीण वहां पहुंचे। जंगल के भीतर एक वृद्ध व्यक्ति का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराई गई। परिजनों ने शव की पहचान राजदेव महतो के रूप में की। प्राथमिक जांच में मृतक के चेहरे और गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान पाए गए हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। इस संबंध में मृतक की पत्नी के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दावा किया है कि मामले का जल्द खुलासा कर लिया जाएगा।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएसएच