×

झारखंड में एसआईआर को लेकर सीईओ का जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश,15 जून तक पूरा करें वोटरों की मैपिंग का काम

 

रांची, 2 जून (आईएएनएस)। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारी के तहत 15 जून तक मतदाताओं की मैपिंग का कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का पूर्व के गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची से सफलतापूर्वक मैपिंग हो जाएगा, उन्हें एसआईआर प्रक्रिया के दौरान सामान्यतः कोई अतिरिक्त दस्तावेज जमा नहीं करना होगा।

मंगलवार को निर्वाचन सदन से सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारियों और निर्वाचन अधिकारियों के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाएगी, उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। हालांकि, ऐसे मतदाताओं को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) से नोटिस मिलने के बाद निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इसके बाद दावा-आपत्ति प्रक्रिया पूरी कर 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मैपिंग कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। यदि किसी मतदाता की गलत मैपिंग होती है तो ऐसे मामले 'एनोमली केस' के रूप में चिह्नित होंगे, जिनकी सुनवाई ईआरओ द्वारा की जाएगी। ऐसे मतदाताओं को भी अनमैप्ड मतदाताओं की तरह एसआईआर प्रक्रिया से गुजरना होगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अनमैप्ड मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करने का प्रयास करें तथा इस सूची में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, डुप्लीकेट और गैर-नागरिक श्रेणी के मतदाताओं की भी पहचान कर लें।

के. रवि कुमार ने कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि गैर-भारतीय नागरिक इस प्रक्रिया का हिस्सा न बन सकें। उन्होंने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को एसआईआर प्रक्रिया, मैपिंग और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी तथा वर्तमान प्रगति की समीक्षा की।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि इन्यूमरेशन फॉर्म में संबंधित बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर अंकित रहेगा, इसलिए 15 जून के बाद बीएलओ में बदलाव नहीं किया जाए। उन्होंने कम मैपिंग वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से सीधे संवाद कर कार्य की धीमी प्रगति के कारणों की जानकारी ली और अधिकारियों को उनके क्षमता संवर्धन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार समेत सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी और उप निर्वाचन पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी