×

झारखंड में किसी भी पात्र नागरिक का वोट नहीं कटने देगी कांग्रेस, 21 हजार बीएलए तैनात: के. राजू

 

रांची, 20 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने कहा है कि राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से न हटे, पार्टी यह सुनिश्चित कराएगी।

सोमवार को मोराबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में झारखंड कांग्रेस के मीडिया और सोशल मीडिया विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान समन्वय और निगरानी के लिए पार्टी ने राज्यभर में 21 हजार से अधिक बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) तैनात कर दिए हैं।

के. राजू ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल की तर्ज पर झारखंड में भी षड्यंत्रपूर्वक पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवाने की कोशिश की है, हालांकि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी सतर्कता के साथ इस प्रक्रिया पर नजर रखे हुए है और किसी भी नागरिक का मताधिकार बेवजह छीनने नहीं दिया जाएगा।

पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के योगदान का जिक्र करते हुए के. राजू ने कहा कि कांग्रेस ने ही देश के युवाओं को 18 वर्ष की उम्र में मतदान का अधिकार दिलाया था। जिस पार्टी ने युवाओं को यह अधिकार दिया, उस मताधिकार की रक्षा करना भी उसी कांग्रेस का ऐतिहासिक दायित्व है।

समीक्षा बैठक के आउटकम की जानकारी देते हुए प्रदेश मीडिया संयोजक डॉ. एम. तौसीफ ने बताया कि प्रदेश प्रभारी ने मीडिया और सोशल मीडिया टीम को एसआईआर से जुड़े तथ्यों और पार्टी के पक्ष को जनता तक आक्रामक रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

इसके साथ ही मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के कामकाज को गति देने के लिए अब हर महीने की 3 तारीख को नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सोशल मीडिया चेयरमैन गजेंद्र सिंह, किशोरनाथ सहदेव सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। --आईएएनएस

एसएनसी/वीसी