झारखंड में हीटवेव पर सीएम हेमंत सोरेन सख्त, सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल व्यवस्था के निर्देश
रांची, 23 मई (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए सार्वजनिक स्थलों पर आम जनों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इसकी स्पष्ट सूचना भी प्रदर्शित करें, ताकि राहगीरों एवं आम लोगों को राहत मिल सके। सीएम ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया है।
उन्होंने सभी उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों के बाहर एवं सार्वजनिक स्थलों पर आम जनों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।
सीएम सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा कि झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए राज्य के सभी उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिया है कि सभी सरकारी कार्यालयों के बाहर एवं सार्वजनिक स्थलों पर आम जनों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा इसकी स्पष्ट सूचना भी प्रदर्शित करें, ताकि राहगीरों एवं आम लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि किसी भी गांव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण लोगों को परेशानी न हो, यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी उपायुक्तों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि जहां कहीं भी जल संकट की स्थिति हो, वहां तत्काल टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति करें, साथ ही चापाकलों की मरम्मत एवं अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जाएं। किसी भी गांव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण लोगों को परेशानी न हो, यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स के माध्यम से कहा कि जनहित सर्वोपरि है। भीषण गर्मी के इस दौर में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करें।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी