×

झारखंड : लोहरदगा में सनकी युवक ने कुल्हाड़ी से की पिता-पत्नी की हत्या, हमले में तीन वर्षीय बेटी भी गंभीर

 

लोहरदगा, 25 मई (आईएएनएस)। झारखंड के लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेंगरा टोली गांव में सोमवार को पारिवारिक विवाद में दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सनकी युवक ने घरेलू कलह में अपने पिता, पत्नी और तीन वर्षीय मासूम बेटी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी के पिता और पत्नी की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई, जबकि उसकी तीन साल की मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।

इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों की पहचान सुरेंद्र उरांव (60 वर्ष) और सुजाता उरांव (27 वर्ष) के रूप में की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को सेंगरा टोली गांव स्थित घर में किसी बात को लेकर पारिवारिक विवाद शुरू हुआ था। विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि संदीप उरांव अचानक आपा खो बैठा और घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी उठाकर सबसे पहले अपने वृद्ध पिता सुरेंद्र उरांव पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई पत्नी सुजाता उरांव को भी उसने नहीं बख्शा और उस पर भी कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए।

आरोपी ने अपनी तीन वर्षीय अबोध पुत्री रियांशी पर भी जानलेवा हमला कर उसे लहुलूहान कर दिया। चीख-पुकार और शोर सुनकर जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े, तब तक सुरेंद्र उरांव और सुजाता उरांव दम तोड़ चुके थे, जबकि मासूम बच्ची खून से लथपथ हालत में फर्श पर तड़प रही थी। वारदात की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने गंभीर रूप से घायल तड़पती हुई बच्ची रियांशी को तत्काल अपनी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी नाजुक स्थिति और शरीर पर गहरे जख्मों को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे तुरंत रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया है। हत्या के आरोपी संदीप उरांव को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। दोनों शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके