झारखंडः कोडरमा में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप, ससुराल पक्ष फरार
कोडरमा, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदोडीह गांव में बुधवार को एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान अर्चना कुमारी, पति संतोष कुमार पंडित के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, अर्चना की शादी वर्ष 2018 में नंदोडीह निवासी संतोष पंडित के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। मृतका के भाई अनिल पंडित ने बताया कि शादी के शुरुआती कुछ साल सब ठीक रहा और अर्चना ने दो बेटियों को जन्म दिया।
हालांकि, पिछले कुछ महीनों से पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। परिजनों का आरोप है कि पारिवारिक स्तर पर समझौते के बावजूद अर्चना को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। बुधवार सुबह अर्चना की ननद ने मायके वालों को फोन कर उसकी तबीयत खराब होने की सूचना दी। जब परिजन आनन-फानन में नंदोडीह पहुंचे, तो अर्चना का शव घर के अंदर बाथरूम के पास पड़ा मिला।
परिजनों का दावा है कि अर्चना के गले पर फंदे के निशान थे, जिससे प्रतीत होता है कि उसकी हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को बाथरूम के पास फेंक दिया गया। घटना के बाद से ही मृतका का पति संतोष पंडित और उसके परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हैं। मामले की सूचना मिलते ही जयनगर थाना प्रभारी विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले के हर बिंदु पर बारीकी से तफ्तीश कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। इधर, मृतका के मायके वालों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएस