झारखंड की पूरी शासन व्यवस्था भ्रष्टाचारियों के संरक्षण में लगी है : संजय सेठ
रांची, 15 जनवरी (आईएएनएस)। ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय को रांची पुलिस द्वारा घेरने पर केंद्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ ने कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि झारखंड की पूरी शासन व्यवस्था भ्रष्टाचारियों के संरक्षण में लगी है।
आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि पेयजल घोटाले में एक कर्मचारी, जो पहले ही 18 महीने जेल में बिता चुका है, अब एक संवैधानिक संस्था को बदनाम करने के लिए मनगढ़ंत कहानियां फैला रहा है। उन्हीं झूठे दावों के आधार पर ईडी के कार्यालय को घेर लिया गया। जबकि, कर्मचारी बिना किसी समन के ईडी ऑफिस पहुंचा और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। मैं स्पष्ट रूप से कहता हूं कि भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी व्यक्ति को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। जनता के पैसे का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। मैं कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच का पूरा समर्थन करता हूं ताकि न्याय सुनिश्चित हो सके।
संजय सेठ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि झारखंड में पेयजल एवं स्वच्छता सहित कई भ्रष्टाचार की जांच कर रही ईडी कार्यालय को रांची पुलिस ने घेर लिया है। ऐसी सूचना मिली है कि भ्रष्टाचार के आरोपी के द्वारा ईडी पर मुकदमा दर्ज किया गया है। रांची पुलिस की यह कार्रवाई जांच एजेंसियों के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष कार्य में बाधा डालने का कुत्सित प्रयास है। ऐसा करके झारखंड का शासन झारखंड को बंगाल बनाने पर आमादा है। जांच एजेंसियों का काम भ्रष्टाचार की जांच और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि यह कार्य यदि झारखंड पुलिस की होती तो केंद्रीय एजेंसी को झारखंड में भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की जरूरत ही नहीं पड़ती। झारखंड की पूरी शासन व्यवस्था भ्रष्टाचारियों के संरक्षण में लगी है और ईडी कार्यालय को पुलिस के द्वारा घेरना उसी की एक कड़ी है। इससे पूर्व भी जेल में बैठे भ्रष्टाचारियों के द्वारा ईडी पर हमले की योजना का खुलासा हो चुका है। ऐसी स्थिति में राज्य की शासन व्यवस्था का भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देना बहुत ही गलत है। इस बात की भी आशंका से इनकार नहीं है कि ईडी कार्यालय का घेराव कर भ्रष्टाचार के साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ या उन्हें नष्ट भी किया जा सकता है। यह भी सूचना है कि ईडी ने किसी भी व्यक्ति को पूछताछ के लिए अपने कार्यालय नहीं बुलाया। उसके बाद भी उक्त व्यक्ति ने ईडी पर मुकदमा दर्ज किया है। झारखंड में ईडी की सुरक्षा सुनिश्चित हो और भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई जारी रहे, यह मेरा आग्रह है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम