झारखंड के स्थापना दिवस पर 15 नवंबर से राज्यभर में कार्यक्रम, 28 को हेमंत सरकार 2.0 के दो साल का मुख्य समारोह
रांची, 12 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड स्थापना दिवस पर 15 नवंबर से राज्यभर में कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इस दिन सभी जिलों में 'रन फॉर क्लीनलिनेस' के बाद प्रमुख छठ घाटों की सफाई की जाएगी। वहीं, 26 से 28 नवंबर तक रांची के खेलगांव में मेला-सह-प्रदर्शनी और सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी। हेमंत सोरेन सरकार 2.0 के दो वर्ष पूरे होने पर 28 नवंबर को यहीं मुख्य समारोह होगा। इसमें सरकार की उपलब्धियों पर फिल्म दिखाने के साथ योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न पदों के लिए चयनित लोगों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
मुख्य सचिव अविनाश कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन में हुई बैठक में कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई और विस्तृत रूपरेखा तय की गई। तय कार्यक्रम के अनुसार, 15 नवंबर को सुबह सात से आठ बजे तक सभी जिलों में 'रन फॉर क्लीनलिनेस' आयोजित होगा। इसकी शुरुआत जिले के किसी प्रमुख स्थल या चौक-चौराहे से होगी। दौड़ के बाद प्रमुख छठ घाटों की सफाई की जाएगी। इसके लिए सभी जिलों को आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। 17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताएं, नाटक, नृत्य-संगीत और निबंध लेखन जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी और टीमें 26 और 27 नवंबर को खेलगांव में राज्यस्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।
28 नवंबर को मुख्य समारोह में विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। पंचायत से राज्य स्तर तक उत्कृष्ट काम करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। खेलगांव में तीन दिन लगने वाली प्रदर्शनी में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों और सभी जिलों के स्टॉल होंगे। इनमें सरकारी योजनाओं, जनोपयोगी सेवाओं, नई तकनीकों और नवाचारों की जानकारी दी जाएगी। जिलों के प्रमुख उत्पाद, पर्यटन स्थल और आर्थिक गतिविधियां 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट', 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन डेस्टिनेशन' और 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन इकोनॉमिक एक्टिविटी' के तहत प्रदर्शित की जाएंगी।
अनुसंधान, आईटी सेवाओं, उपकरणों और खेल परिधान से जुड़े नवाचार भी प्रदर्शनी का हिस्सा होंगे। 26 से 28 नवंबर तक सांस्कृतिक संध्या भी होगी। कलाकारों के चयन और कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने की जिम्मेदारी पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग को दी गई है। सरकार के दो साल की उपलब्धियों पर आधारित ऑडियो-विजुअल फिल्म सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तैयार करेगा। मुख्य समारोह के मंच, स्टॉल और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी रांची के उपायुक्त को सौंपी गई है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी