झारखंड के लातेहार में जंगल में मिले युवक-युवती के शव, जांच कर रही पुलिस
लातेहार, 8 मई (आईएएनएस)। झारखंड के लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के गेरुआ गांव के निकट स्थित जंगल में शुक्रवार को एक युवक और एक युवती के पेड़ पर लटके शव बरामद किए गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों ने जंगल में मवेशी चराने के दौरान दोनों शवों को देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मनिका थाना प्रभारी प्रभात दास के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों में युवक की पहचान सुनील कुमार सिंह के तौर पर हुई। प्रारंभिक छानबीन में यह बात सामने आई है कि सुनील कुमार सिंह की शादी महज कुछ महीने पहले ही हुई थी। स्थानीय ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने आत्मघाती कदम उठाया होगा।
घटनास्थल की स्थितियों को देखते हुए पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन हत्या के पहलू को भी पूरी तरह खारिज नहीं किया गया है। थाना प्रभारी प्रभात दास ने बताया कि पुलिस मामले की हर एंगल से तफ्तीश कर रही है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों और समय का खुलासा हो पाएगा। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर तथ्यों को जुटाया जा रहा है। इस घटना के बाद से गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।
--आईएएनएस
एसएनसी/वीसी