×

झारखंड के हजारीबाग में होटल से तीन हथियारबंद अपराधी गिरफ्तार, रिवॉल्वर और कारतूस बरामद

 

हजारीबाग, 31 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने चौपारण थाना क्षेत्र के सियरकोनी स्थित एक होटल में छापेमारी कर तीन हथियारबंद अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी रिवॉल्वर, तीन जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, एक स्विफ्ट कार और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि ये सभी किस बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयी कर रहे थे।

बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध अपराधी सियरकोनी स्थित मां गंगोत्री होटल में ठहरे हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार और पुलिस टीम ने होटल की घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के गया निवासी अक्षय यादव, प्रिंस कुमार और करण राज के रूप में हुई है। इनके पास से एक देसी रिवॉल्वर और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने एक स्विफ्ट कार और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रिंस कुमार के खिलाफ गया रेल थाना और बेलागंज थाना में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित तीन मामले दर्ज हैं। वहीं, अक्षय यादव के खिलाफ बेलागंज थाना में इसी तरह के दो मामले दर्ज हैं। करण राज के खिलाफ फिलहाल किसी पुराने आपराधिक मामले की जानकारी नहीं मिली है। प्रिंस कुमार और अक्षय यादव बेलागंज थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों के खिलाफ बेलागंज थाना में हत्या के प्रयास, सरकारी सेवक पर हमला और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज हैं। पुलिस बरामद वाहनों और मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम