☰
×

झारखंड के गम्हरिया थाने में महिला से बलात्कार की घटना पर विपक्ष ने सरकार को घेरा

 

रांची, 1 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में एक महिला के साथ कथित बलात्कार की घटना पर राज्य में सियासी माहौल गरमा गया है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने इसे लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। दोनों नेताओं ने कहा है कि यह घटना राज्य में कानून-व्यवस्था के ध्वस्त होने का प्रमाण है। दोनों नेताओं ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की मांग की है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि गम्हरिया थाने में महिला के साथ दुष्कर्म की घटना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इससे पहले बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में भी एक महिला कैदी के यौन शोषण और गर्भवती होने का मामला सामने आया था। ऐसे मामलों से यह सवाल उठता है कि जब सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले संस्थानों में ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो वे न्याय और सुरक्षा की उम्मीद किससे करेंगी।

मरांडी ने पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिला डीजीपी के कार्यकाल में भी थानों और जेलों में महिलाओं के साथ यौन शोषण की घटनाएं सामने आना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने डीजीपी पर पुलिस व्यवस्था में सुधार और महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय अन्य गतिविधियों में उलझे रहने का आरोप लगाया। मरांडी ने सरायकेला के पुलिस अधीक्षक से आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने घटना को राज्य में जंगल राज का उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि एक महिला पारिवारिक विवाद और पति की प्रताड़ना की शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंची थी। आरोप है कि उसे देर रात थाने में लाया गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। चंपई ने सवाल उठाया कि यदि थाने में ही फरियादी महिला सुरक्षित नहीं है, तो वह न्याय के लिए कहां जाएगी। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी सहित कुछ पुलिसकर्मियों को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है। ऐसे पुलिसकर्मियों को सेवा से बर्खास्त किया जाना चाहिए और वरीय अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए।

बता दें कि गम्हरिया थाना क्षेत्र के दुग्धा गांव की रहने वाली महिला गुरुवार देर रात पारिवारिक विवाद और पति की प्रताड़ना की शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। रात अधिक होने के कारण पुलिसकर्मियों ने उसे थाने में ही रुकने की सलाह दी। आरोप है कि इस दौरान ड्यूटी पर तैनात वायरलेस ऑपरेटर और सिपाही नीरज लकड़ा महिला को थाने के एक कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया। पुलिस ने आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, गम्हरिया थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए घटनास्थल वाले कमरे को भी सील कर दिया गया है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएस