×

झारखंड के देवघर में सिर कटे शव की बरामदगी की गुत्थी सुलझी, महिला सहित तीन गिरफ्तार

 

देवघर, 19 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के देवघर जिले में एक युवक का सिरकटा शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है। रिखिया थाना क्षेत्र के इस ब्लाइंड मर्डर केस में पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

एसपी सौरभ कुमार ने गुरुवार को बताया कि मृतक की पहचान दिलीप तूरी के रूप में हुई है, जो आरोपी महिला बबीता देवी का ड्राइवर था। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। वारदात के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने बैजनाथपुर चौक पर सड़क जामकर विरोध जताया था। रिखिया थाना क्षेत्र के ठाड़ी गांव स्थित देवांग बाबा मैदान के पास सोमवार को युवक का सिर कटा शव बरामद हुआ था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ अशोक सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई, जिसमें रिखिया, मोहनपुर और टाउन थाना की पुलिस को शामिल किया गया। जांच के दौरान फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मृतक की पहचान होने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। सामने आया कि दिलीप तूरी एक महिला के ड्राइवर के रूप में काम करता था। वह अपनी मालकिन की निजी जानकारियां उसके एक परिचित व्यक्ति को साझा करता था। इसी बात से नाराज होकर बबीता देवी ने पायल राउत और संजीव कुमार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

रविवार देर रात आरोपियों ने सुनसान स्थान पर दिलीप तूरी की गला रेतकर हत्याकर दी और पहचान छिपाने के लिए शव को वहीं फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने छापेमारी कर बुधवार देर शाम तक तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया है।

एसपी ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और कुछ अन्य तकनीकी पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त और समयबद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके