☰
×

झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन की मां के निधन पर राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने जताया शोक

 

नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से उनके कार्यालय के आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट किया गया, "रूपी सोरेन के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। जनजातीय समाज के लोगों के सशक्तीकरण और कल्याण के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे। हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन तथा उनके समस्त परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "रूपी सोरेन के निधन से बहुत दुख हुआ है। उन्होंने सदैव जनजातीय समुदायों के सशक्तीकरण के लिए कार्य किए। शोक की इस घड़ी में हेमंत सोरेन, कल्पना और उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।"

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। हेमंत सोरेन एवं उनके शोकाकुल परिवारजनों को इस अपूरणीय व्यक्तिगत दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें, यही कामना है।"

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया पर लिखा, "झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पूज्य माता रूपी सोरेन के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवारजनों को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।"

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने लिखा, "झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक-संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।"

दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। वाहे गुरुजी दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं समस्त शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।"

--आईएएनएस

एसडी/पीएम