×

झारखंड के चतरा में डेढ़ करोड़ का अफीम और अन्य मादक पदार्थ जब्त

 

चतरा, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ झारखंड के चतरा जिले की पुलिस को लगातार दूसरे दिन बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लावालौंग थाना क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध अफीम, डोडा और पोस्ता दाना बरामद किया है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।

इसके पहले सोमवार को कुंदा थाना क्षेत्र से लगभग 50 लाख रुपए मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए थे। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने समाहरणालय स्थित कार्यालय में मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के रिमी पंचायत स्थित खाखर गांव में कुछ लोग अपने घरों में अवैध नशीले पदार्थ जमा कर बाहरी तस्करों को बेचने की तैयारी में हैं।

सूचना के सत्यापन के बाद सिमरिया एसडीपीओ शुभम कुमार खंडेलवाल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने अमारिक गंझू, मनोज गंझू, सरजू गंझू, मदन गंझू, विनोद गंझू और पिंटू गंझू के घरों पर छापा मारकर भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया।

इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ लावालौंग थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। छापेमारी दल में एसडीपीओ के साथ एनडीपीएस थाना प्रभारी शमी अंसारी, लावालोंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, एसआई विधायक प्रसाद यादव और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

इससे पहले सोमवार को कुन्दा थाना क्षेत्र के बटुकुईया गांव में भी पुलिस ने दबिश दी, जहां ज्ञानी गंझू के घर से लगभग 840 ग्राम अवैध अफीम, 3 क्विंटल 15 किलो डोडा और 35 किलो पोस्ता दाना बरामद किया गया। यहां से जब्त किए गए नशीले पदार्थों और अफीम उत्पादन में प्रयुक्त होने वाले उपकरणों जैसे मोटर पंप, पाइप और कीटनाशक स्प्रे मशीन की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के छापेमारी अभियानों में सिमरिया एसडीपीओ के साथ एनडीपीएस थाना प्रभारी शमी अंसारी, लावालोंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, कुन्दा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीएससी