×

झारखंडः जेपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट पर उठे सवाल, लगातार 832 रोल नंबरों का कोई अभ्यर्थी नहीं हुआ सफल

 

रांची, 5 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की ओर से सिविल सेवा संयुक्त प्रतियोगिता 2025 की प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) के परिणाम पर अभ्यर्थियों ने सवाल उठाए हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि परिणाम में रोल नंबरों की क्रमवार सूची में 832 अभ्यर्थियों का एक साथ गायब होना कई तरह की आशंकाओं को जन्म दे रहा है। उन्होंने आयोग से पूरे मामले की जांच कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

अभ्यर्थियों के अनुसार, सफल घोषित अभ्यर्थियों की सूची में रोल नंबर 2601290656 के बाद सीधे 2601291488 दर्ज है। उनका कहना है कि इन दोनों रोल नंबरों के बीच कुल 832 रोल नंबर आते हैं, लेकिन इनमें से एक भी अभ्यर्थी सफल घोषित नहीं हुआ है।

अभ्यर्थियों का दावा है कि इतनी बड़ी संख्या में किसी भी अभ्यर्थी का चयन नहीं होना असामान्य है और इससे परिणाम की पारदर्शिता तथा विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं। अभ्यर्थियों ने आशंका जताई है कि यह स्थिति किसी परीक्षा केंद्र के सभी अभ्यर्थियों के अनुपस्थित रहने, परीक्षा निरस्त होने अथवा ओएमआर शीट से जुड़ी किसी तकनीकी गड़बड़ी जैसी संभावनाओं की ओर संकेत कर सकती है।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वास्तविक स्थिति की पुष्टि आयोग की जांच और आधिकारिक स्पष्टीकरण के बाद ही हो सकेगी। इस बीच अभ्यर्थियों ने आयोग द्वारा विभिन्न परीक्षाओं के कटऑफ अंक अब तक सार्वजनिक नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि 5 जून 2026 को घोषित सिविल जज (जूनियर डिवीजन) प्रारंभिक परीक्षा, 24 जून 2026 को जारी सिविल सेवा बैकलॉग-2023 प्रारंभिक परीक्षा, 2 जुलाई 2026 को जारी सिविल सेवा नियमित-2025 प्रारंभिक परीक्षा तथा 3 जुलाई 2026 को घोषित फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर भर्ती मुख्य (लिखित) परीक्षा के कटऑफ अंक अभी तक जारी नहीं किए गए हैं।

अभ्यर्थियों ने स्थानांतरित परीक्षा नियंत्रक द्वारा परिणाम जारी किए जाने पर भी आपत्ति दर्ज कराई है। इधर, जेपीएससी ने सिविल सेवा बैकलॉग-2025 प्रारंभिक परीक्षा का संशोधित मॉडल उत्तर भी जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार, प्रथम प्रश्नपत्र में एक प्रश्न के सभी विकल्प सही माने गए हैं, जबकि द्वितीय प्रश्नपत्र के चार प्रश्न रद्द कर दिए गए हैं।

आयोग ने 45 रिक्त पदों के लिए 17 मई को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की थी। इसके बाद 11 जून को मॉडल उत्तर जारी कर 12 से 15 जून तक अभ्यर्थियों से साक्ष्य सहित आपत्तियां और सुझाव मांगे गए थे। प्राप्त आपत्तियों के परीक्षण के बाद संशोधित मॉडल उत्तर जारी किया गया। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत उपसमाहर्ता के 36, सहायक निबंधक (कृषि) के दो तथा झारखंड शिक्षा सेवा के सात पद भरे जाने हैं। प्रारंभिक परीक्षा में लगभग 30 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिसके लिए राजधानी रांची में 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी