×

झारखंड: जामताड़ा में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से बच्ची की मौत, ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम

 

जामताड़ा, 10 मई (आईएएनएस)। झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर रविवार को एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने नौ वर्षीय बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल मासूम ने अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

मृतका की पहचान कोरीडीह वन गांव निवासी सफाउल अंसारी की पुत्री सजदा खातून के रूप में हुई है। इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने करीब तीन घंटे तक हाईवे जाम रखा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सजदा रविवार को एक तालाब में स्नान करने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान हाईवे पर तेज गति से आ रही सफेद रंग की एक स्कॉर्पियो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची सड़क पर काफी दूर तक जा गिरी। स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उसे नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने धनबाद रेफर कर दिया। हालांकि, धनबाद पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।

आक्रोशित लोगों ने दोषी चालक की अविलंब गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजे की मांग को लेकर सुबह 11 बजे गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा।

घटना की सूचना मिलने के बाद नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को उचित कानूनी कार्रवाई व सरकारी मुआवजे का आश्वासन देकर जाम हटवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार वाहन की पहचान के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दोषी चालक के खिलाफ सख्त मामला दर्ज किया जाएगा।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी