×

झारखंड: जमशेदपुर के होटल कारोबारी की गोली मारकर हत्या, घटनास्थल से मिले आठ खोखे

 

जमशेदपुर, 24 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड के जमशेदपुर में होटल कारोबारी निखार सबलोक (33) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में एनएच-33 पर कांदरबेड़ा चौक के पास सोमवार शाम हुई। घटना के बाद जमशेदपुर और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कदमा थाना क्षेत्र के विजया हेरिटेज निवासी निखार सबलोक किसी काम से कांदरबेड़ा स्थित टेंथ माइल स्टोन होटल गए थे। वह अपने कुछ दोस्तों के साथ होटल में बैठक के बाद बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में निखार को चार गोलियां लगीं। एक गोली उनके सिर में लगी थी। उन्हें तत्काल जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घटनास्थल से आठ खोखे बरामद किए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद चांडिल के डीएसपी सहित जमशेदपुर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एमजीएम, आजादनगर और उलीडीह थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है। निखार सबलोक जमशेदपुर के जाने-माने होटल कारोबारियों में थे। होटल के अलावा वह अन्य व्यवसाय से भी जुड़े थे। उनका पारिवारिक कारोबार विदेश तक फैला होने की बात सामने आई है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती जांच में करोड़ों रुपये की जमीन के विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। इसके अलावा, रंगदारी और गैंगवार के एंगल से भी मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस कारोबारी रंजिश सहित अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान के लिए होटल और एनएच-33 के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू की गई है।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी