झारखंडः गिरिडीह में लापता युवक की हत्या का खुलासा, शादी का झांसा देकर जंगल ले गया, सिर कुचलकर मार डाला
गिरिडीह, 23 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले की पीरटांड़ थाना पुलिस ने करीब एक माह से लापता युवक की हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मानव कंकाल, हत्या में प्रयुक्त गमछा, कपड़े, चप्पल, मोबाइल फोन और एक चाकू बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, पीरटांड़ थाना क्षेत्र के सियरांगी गांव निवासी 72 वर्षीय हृदय नारायण सिंह ने एक जुलाई को अपने पुत्र शंकर कुमार सिंह उर्फ बिंदु सिंह के लापता होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनका पुत्र 20 जून को गिरिडीह जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने धनबाद निवासी सोनिया नामक महिला समेत अन्य लोगों पर अपहरण की आशंका जताई थी। शिकायत के आधार पर पीरटांड़ थाना मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मानव स्रोतों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इस क्रम में नामजद महिला सोनिया कुमारी को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से लाकर पूछताछ की गई।
वहीं, देवघर जिले के पथरौल थाना क्षेत्र के सिरसा गांव निवासी चंदन कुमार भोक्ता (32) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने पुलिस को बताया कि शंकर कुमार सिंह संबंधित महिला से शादी करना चाहता था, जबकि महिला पहले से विवाहित थी और उसके तीन बच्चे हैं।
आरोपी और महिला के ससुराल पक्ष के लोग इस विवाह के खिलाफ थे। इसी विवाद को समाप्त करने के उद्देश्य से उसने शंकर कुमार सिंह को महिला से मिलाने का झांसा दिया और अपनी बाइक से धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र स्थित बसहा जंगल ले गया।
पुलिस के मुताबिक, सुनसान स्थान पर आरोपी ने पहले पत्थर से शंकर कुमार सिंह के सिर पर कई वार किए और फिर गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव को जंगल में छिपा दिया ताकि घटना का खुलासा न हो सके।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मानव कंकाल, नारंगी रंग का गमछा, कपड़े, चप्पल, आरोपी का मोबाइल फोन तथा एक चाकू बरामद किया।
पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया गया है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएसएच