झारखंड : गिरिडीह में 60 वर्षीय व्यक्ति की हत्या, सड़क किनारे मिला शव
गिरिडीह, 23 जून (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले में एक 60 वर्षीय व्यक्ति की हत्या पीट-पीटकर कर दी गई। मृतक की पहचान वासुदेव मंडल के रूप में हुई है। उनका शव मंगलवार सुबह डुमरी थाना क्षेत्र के जन्मबेडा गांव के पास सड़क किनारे मिला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, वासुदेव मंडल डुमरी थाना क्षेत्र के बसगोहरा गांव के निवासी थे। परिजनों ने बताया कि वह ट्रैक्टर संचालन का काम करते थे और रोजाना तड़के घर से निकलते थे। मंगलवार सुबह भी वह अपनी बाइक से घर से निकले थे। कुछ घंटों बाद परिजनों को सूचना मिली कि उनका शव जन्मबेडा गांव के समीप पड़ा हुआ है। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं, जिससे प्रतीत होता है कि उनकी पिटाई की गई है।
परिजनों ने आशंका जताई है कि हत्या के पीछे जमीन विवाद की वजह हो सकती है। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से मृतक की बाइक भी बरामद की गई है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है। डुमरी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आबिद खान ने बताया कि वासुदेव मंडल की हत्या हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि परिजनों से संभावित रंजिश या विवाद के संबंध में जानकारी ली जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। मामले की जानकारी मिलने पर गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने अधिकारियों को जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया है। एसडीपीओ आबिद खान और डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एसएनसी/एसके