झारखंड: गढ़वा में होटल के कमरे से युवक का शव बरामद, दो साथियों की तलाश में जुटी पुलिस
गढ़वा, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के गढ़वा में रंका मोड़ स्थित होटल उजाला के एक कमरे से मंगलवार सुबह 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के ओड़नार गांव निवासी राजन तिवारी के रूप में हुई है। वह वाहनों को जब्त करने का काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राजन सोमवार रात अपने साले संजय तिवारी और दो अन्य लोगों शुभम तिवारी तथा सूरज पासवान के साथ होटल में ठहरा था। बताया गया कि रात में कमरे में सभी लोगों ने शराब पी थी। इसके बाद सभी सो गए। मंगलवार सुबह संजय तिवारी की नींद खुली तो उसने राजन को बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। उसने राजन को जगाने की कोशिश की, लेकिन उसकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद संजय ने परिवार के सदस्यों और पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम होटल पहुंची और कमरे की जांच की। पुलिस ने मौके से आवश्यक जानकारी और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले में यह भी जांच का विषय है कि रात में राजन के साथ होटल में मौजूद शुभम तिवारी और सूरज पासवान सुबह कमरे में क्यों नहीं थे। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है और उनसे पूछताछ के बाद घटना से जुड़ी परिस्थितियों की तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।
पुलिस होटल में रात के दौरान हुई गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। कमरे में मौजूद लोगों के अलावा होटल के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस फिलहाल मौत को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। जांच में जहरीली शराब, किसी स्वास्थ्य संबंधी समस्या या अन्य परिस्थितियों समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी