सीएम हेमंत और टाटा सन्स के चेयरमैन के बीच वार्ता में कई परियोजनाओं पर सहमति
रांची, 2 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड में न्यू एज ग्रीन एडवांस्ड टेक्नोलॉजी स्टील प्रोजेक्ट में 11 हजार करोड़ रुपए के निवेश, हाइड्रोजन ईंधन-आधारित ट्रकों के निर्माण और अन्य विकास परियोजनाओं को लेकर सोमवार को रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ टाटा सन्स के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के बीच उच्चस्तरीय बैठक हुई।
इस वार्ता में राज्य में औद्योगिक विस्तार और दीर्घकालिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर सहमति बनी। बैठक के बाद चंद्रशेखरन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि झारखंड टाटा समूह की औद्योगिक यात्रा का आरंभिक केंद्र रहा है और समूह यहां निवेश बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि टाटा स्टील जमशेदपुर में लगभग 11 हजार करोड़ रुपए का निवेश कर अत्याधुनिक तकनीक आधारित स्टील उत्पादन को बढ़ावा देगी। इस परियोजना से उत्पादन प्रक्रिया अधिक तेज होगी और कार्बन उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आएगी।
इसे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इसका प्रभाव वैश्विक बाजार तक दिखाई देगा। इस संबंध में पिछले महीने स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान राज्य सरकार और टाटा समूह के बीच सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए गए थे।
उन्होंने कहा कि टाटा मोटर्स जमशेदपुर में हाइड्रोजन ईंधन आधारित ट्रकों के विकास और निर्माण में भी निवेश कर रही है। यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा और नई तकनीक की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि टाटा समूह और राज्य सरकार के अधिकारियों व विशेषज्ञों का एक संयुक्त विशेष समूह गठित किया जाएगा, जो संभावित निवेश क्षेत्रों की पहचान कर ठोस कार्ययोजना तैयार करेगा।
चंद्रशेखरन ने बताया कि समूह रांची समेत राज्य के अन्य शहरों में होटल उद्योग में निवेश की संभावनाएं तलाश रहा है। कौशल विकास, नई तकनीकी दक्षताओं और ज्ञान-आधारित उद्योगों में साझेदारी को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत चल रही गतिविधियों को और व्यापक बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि टाटा समूह की शुरुआत झारखंड से हुई है। यह झारखंड की औद्योगिक पहचान का अहम हिस्सा है। राज्य सरकार उद्योगोन्मुख विकास के लिए सहयोगात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में टाटा स्टील के सीईओ सह मैनेजिंग डायरेक्टर टीवी नरेंद्रन और राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
--आईएएनएस
एसएनसी/एमएस