×

झारखंडः चाईबासा में कबाड़ के व्यवसायी की हत्या, शव पत्थर से बांधकर कारो नदी में फेंका

 

चाईबासा, 19 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र में एक कबाड़ी व्यवसायी की हत्या कर शव को पत्थर से बांधकर कारो नदी में फेंक देने का मामला सामने आया है। रविवार को नदी से उसका शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, रविवार को स्थानीय लोगों ने कारो नदी में एक शव उतराता देखा। करीब जाने पर पता चला कि शव को एक बड़े पत्थर से बांधा गया था, ताकि वह पानी की सतह पर न आ सके। इसकी सूचना मिलने पर गुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा निवासी कुर्मान शेख के रूप में हुई है। वह गुवा क्षेत्र में कबाड़ी का व्यवसाय करता था।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का रूममेट अल्ताफ शेख शनिवार दोपहर जनशताब्दी एक्सप्रेस से अपने गृह जिला मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) के लिए रवाना हो गया था। वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि कुर्मान शेख को शनिवार रात करीब आठ बजे तक इलाके के बाजार में देखा गया था। इसके बाद उसके साथ क्या हुआ और किन परिस्थितियों में उसकी हत्या की गई, इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास के संभावित साक्ष्य जुटा रही है। साथ ही मृतक के संपर्क में रहे लोगों और उसके व्यावसायिक संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम