×

झारखंड: चाईबासा में पूर्व उपमुखिया की गोली मारकर हत्या, मची सनसनी

 

चाईबासा, 1 जून (आईएएनएस)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत गुलकेड़ा पंचायत के पूर्व उपमुखिया संजय बोयपाई (44) की रविवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने उनके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, घटना चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के गुईगांव की है। संजय बोयपाई पेशे से किसान थे और खेती-किसानी के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह गुलकेड़ा पंचायत के उपमुखिया रह चुके थे और क्षेत्र में सामाजिक रूप से सक्रिय व्यक्ति माने जाते थे।

परिजनों के मुताबिक, रविवार रात संजय बोयपाई भोजन करने के बाद अपने घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे बाइक पर सवार होकर आए दो से तीन नकाबपोश अपराधी सीधे घर में घुस गए और सो रहे संजय बोयपाई के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी भाग चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों का सुराग हासिल करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके