×

झारखंड : भाजपा नेताओं ने पुण्यतिथि पर अटल बिहारी वाजपेयी को दी श्रद्धांजलि, मरांडी बोले- उनके विचार हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे

 

रांची, 16 अगस्त (आईएएनएस)। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रविवार को झारखंड विधानसभा परिसर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने वाजपेयी को देश का ‘अजातशत्रु’ बताते हुए कहा कि सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, सभी उनका सम्मान करते थे।

उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के गठन का श्रेय अगर किसी एक व्यक्ति को दिया जा सकता है तो वह अटल बिहारी वाजपेयी हैं। मरांडी ने कहा कि वाजपेयी ने झारखंड की अलग राज्य की लंबे समय से चली आ रही मांग को समझा और उनके नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने झारखंड के गठन का रास्ता साफ किया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का राजनीतिक जीवन देश के लिए प्रेरणादायक रहा और उन्होंने मतभेदों के बावजूद सभी को साथ लेकर चलने की परंपरा कायम की।

भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल लोकप्रिय राजनेता ही नहीं, बल्कि एक संवेदनशील कवि भी थे। उनके भाषण सुनने के लिए लोग स्वत: जुटते थे। लोग पैदल और साइकिल से भी उनके विचार सुनने पहुंचते थे। उन्होंने कहा कि राजनीति में कई नेता आए, लेकिन वाजपेयी जैसा समर्पित नेता विरले ही देखने को मिलता है। उन्होंने जीवनभर लोगों को जोड़ने का प्रयास किया।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि वाजपेयी भारतीय राजनीति में सुचिता और प्रामाणिकता के सशक्त हस्ताक्षर थे। वे कार्यकर्ताओं के पथदर्शक, प्रखर वक्ता, कुशल प्रशासक और बेहतरीन कवि थे।

रघुवर दास ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अटल जी के विचार और सिद्धांत हमेशा मार्गदर्शन करते रहेंगे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा के संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, रांची की मेयर रोशनी खलखो, महानगर भाजपा अध्यक्ष वरुण साहू सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएस