झारखंड भाजपा की नई टीम एक्शन मोड में, बिजली मुद्दे पर 17 अप्रैल को राज्यव्यापी आंदोलन का निर्णय
रांची, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड प्रदेश भाजपा की नवगठित टीम ने बिजली से जुड़े मुद्दों को लेकर 17 अप्रैल को राज्य के सभी जिलों में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। मंगलवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में नवगठित कमेटी के पदाधिकारियों की पहली बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आने वाले दिनों में जनसरोकार के मुद्दों पर चरणबद्ध आंदोलन चलाने की रणनीति भी तय की गई है।
बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि बिजली कटौती, दर वृद्धि, और बिल में गड़बड़ी के खिलाफ सभी जिलों में बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता कार्यालयों के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के लिए पदाधिकारी लगातार क्षेत्रीय दौरे करेंगे और पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर लागू करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने पदाधिकारियों से कहा कि नई जिम्मेदारियों के साथ उन्हें सक्रिय भूमिका निभानी होगी और टीम भावना के साथ काम करना होगा। उन्होंने राज्य में सत्ता परिवर्तन और 2029 तक ‘डबल इंजन’ सरकार बनाने के लक्ष्य को दोहराया।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए इसे जनविरोधी और भ्रष्ट करार दिया तथा कार्यकर्ताओं से सरकार के खिलाफ जनआंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया।
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने और नियमित संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती संगठनात्मक रूप से मनाने का भी निर्णय लिया गया। साथ ही, बिजली के बाद पानी के मुद्दे पर भी राज्यव्यापी आंदोलन चलाने की तैयारी पर सहमति बनी।
पार्टी ने स्पष्ट किया है कि आने वाले समय में जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करते हुए राज्यभर में सक्रियता बढ़ाई जाएगी।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी