झारखंडः पलामू में चाचा ने की 12 वर्षीय भतीजे की चाकू मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
पलामू, 13 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। चैनपुर थाना क्षेत्र के रबदा गांव में एक व्यक्ति ने अपने ही 12 वर्षीय भतीजे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। रविवार रात हुई इस वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
मृतक की पहचान साधु बैठा के 12 वर्षीय पुत्र रौशन बैठा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रविवार रात आरोपी चाचा ने किसी बात को लेकर रौशन पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। उसने बच्चे पर लगातार कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। वारदात की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल छापेमारी अभियान चलाया गया। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
आरोपी से पूछताछ के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद रबदा गांव में शोक का माहौल है। मासूम बच्चे की हत्या से परिजन सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम