×

जेवर एयरपोर्ट लोकार्पण की तैयारियां तेज, जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण और की समीक्षा बैठक

 

गौतमबुद्धनगर, 24 मार्च (आईएएनएस)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंच व्यवस्था, रैली स्थल, पार्किंग, वीआईपी एवं वीवीआईपी आवागमन, सुरक्षा प्रबंधन और यातायात व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों और आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।साथ ही पार्किंग स्थलों, एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स तथा प्रमुख मार्गों पर साइनेज, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई और विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, मार्ग प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और कंट्रोल रूम संचालन जैसी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

उन्होंने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग और आवागमन मार्गों की सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, उद्यमियों, वरिष्ठ अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और आमजन की संभावित उपस्थिति को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं।

इसके अलावा, कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इस महत्वपूर्ण अवसर से जुड़ सकें। बैठक में जिला प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि तैयारियों की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लोकार्पण कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित और गरिमामय तरीके से सम्पन्न कराया जा सके।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच