×

जेमिमा रोड्रिगेज का खुलासा, वर्ल्ड कप मैच की प्लेइंग इलेवन से बाहर होने के बाद अंदर से टूट गई थीं

 

नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिगेज ने 'विमेंस वर्ल्ड कप 2025' के दौरान अपने मन में चल रही भावनात्मक उथल-पुथल का खुलासा किया है। जेमिमा ने बताया कि घरेलू टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव और एक अहम मैच के लिए प्लेइंग इलेवन से बाहर किए जाने से वह अंदर से पूरी तरह टूट गई थीं।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले इंग्लैंड के खिलाफ 3 मुकाबलों की टी20 सीरीज खेल रही है, जिसके पहले ही मुकाबले में 69 रन की पारी खेलने वालीं जेमिमा को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

'जियोस्टार' के शो 'अनस्टॉपेबल' पर जेमिमा ने उस मुश्किल दौर को याद किया जो टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही उन्होंने झेला था, जब उम्मीदें और दबाव उन पर मानसिक रूप से हावी होने लगे थे।

जेमिमा ने कहा, "किसी वजह से, वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले ही, मैं मानसिक रूप से ठीक महसूस नहीं कर रही थी। शायद इसकी वजह यह थी कि यह एक घरेलू वर्ल्ड कप था और इसके साथ उम्मीदें भी थीं। यह एक विश्व कप था, इसलिए दबाव दोगुना हो जाता है।"

उन्होंने कहा, "मैं पहले ही मैच की पहली गेंद पर बिना कोई रन बनाए आउट हो गई। इसने मुझे सचमुच तोड़ दिया। सबसे खराब बात यह थी कि इसका असर मेरी फील्डिंग पर भी पड़ने लगा था। मैं ऐसी खिलाड़ी हूं, जिसे फील्डिंग करना पसंद है, लेकिन मैं खुद पर इतना ज्यादा दबाव डाल रही थी कि मैं वैसे मूव नहीं कर पा रही थी जैसा आमतौर पर करती हूं। मैंने कुछ खराब फील्डिंग की, जो मैं आमतौर पर नहीं करती।"

जेमिमा ने बताया कि लीग चरण में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक तेज पारी ने उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले बेहद अहम मुकाबले से पहले कुछ आत्मविश्वास वापस पाने में मदद की थी। उन्होंने कहा, "फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लीग मैच आया, जिसमें मैंने अच्छे स्ट्राइक रेट से 33 रन की एक असरदार पारी खेली। इससे मुझे कुछ आत्मविश्वास मिला। मैंने खुद से कहा, 'ठीक है। इंग्लैंड के खिलाफ मैच बहुत अहम है। इंग्लैंड को हराने के लिए जो कुछ भी करना पड़े, चलो करते हैं।' मैं सचमुच टीम के लिए ऐसा करना चाहती थी, क्योंकि वर्ल्ड कप दांव पर लगा था। हम पहले ही लगातार दो मैच हार चुके थे। वह मैच बहुत अहम था।"

हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ मैच की सुबह, जेमिमा को एक ऐसी खबर मिली जिसने उन्हें पूरी तरह से तोड़ दिया। उन्होंने कहा, "अमोल सर ने मुझे मैसेज करके कहा, ‘मुझे आप से बात करनी है।’ फिर, मैदान पर बताया गया कि उस मैच के लिए मुझे टीम से बाहर कर दिया गया है। मैं अंदर से पूरी तरह टूट गई थी।"

विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत ने खराब शुरुआत के बाद जोरदार वापसी की थी। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को शिकस्त सेमीफाइनल में जगह बनाई, जहां ऑस्ट्रेलिया को चौंकाया। खिताबी मैच में भारत ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से मात देकर अपनी पहली ट्रॉफी जीती।

ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध सेमीफाइनल मैच में जेमिमा ने 134 गेंदों में 14 चौकों के साथ 127 रन बनाए थे। उनकी इस पारी ने भारत को 5 विकेट से मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई। इंग्लैंड के खिलाफ मैच से बाहर किए जाने के बावजूद, जेमिमा ने वर्ल्ड कप 2025 के 8 मुकाबलों की 7 पारियों में 58.40 की औसत के साथ 292 रन बनाए थे।

--आईएएनएस

आरएसजी