'जीत पर ईवीएम ठीक, हार पर सवाल क्यों'; राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ का विपक्ष पर निशाना
जयपुर, 28 सितंबर (आईएएनएस)। राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों, आगामी पंचायत चुनावों, ईडब्ल्यूएस, एसआईआर, ईवीएम के मुद्दे और जोधपुर की बासनी केमिकल फैक्ट्री में लगी आग की घटना पर अपनी बात रखी।
सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए राठौड़ ने निकाय चुनाव में भाजपा की जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की नीतियों पर जनता के विश्वास की जीत बताया।
ईवीएम और चुनाव परिणामों पर उठाए जा रहे सवालों को लेकर उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। राठौड़ ने कहा कि जहां विपक्ष जीतता है, वहां ईवीएम पर सवाल नहीं उठाए जाते, जबकि हार के बाद ईवीएम या एसआईआर को जिम्मेदार ठहराया जाता है। उन्होंने चुनाव आयोग को स्वतंत्र संवैधानिक संस्था बताते हुए कहा कि जनादेश का सम्मान किया जाना चाहिए।
एसआईआर के मुद्दे पर राठौड़ ने कहा कि देश की सत्ता तय करने का अधिकार देश के नागरिकों को ही होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर में मतदाता सूची में नाम के लिए पारिवारिक लिंक की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कांग्रेस पर बाहर के लोगों को वोटर बनाने का आरोप लगाया और कहा कि इस मुद्दे पर पारदर्शिता जरूरी है।
वहीं ईडब्ल्यूएस के मुद्दे पर मदन राठौड़ ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को राहत देने की शुरुआत भाजपा सरकार ने ही की थी। उन्होंने कहा कि इसमें जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर करने के लिए सरकार प्रयास करेगी और सामान्य वर्ग के जरूरतमंद लोगों को भी राहत देने के लिए विचार किया जाएगा।
उन्होंने स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम को भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता के विश्वास की जीत बताया। मदन राठौड़ ने आगामी पंचायत चुनावों को लेकर कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है और बूथ कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व तक सभी एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भी शहरी क्षेत्रों के नागरिकों की तरह बेहतर सुविधाएं मिलें। उन्होंने पंचायत चुनावों में भी जनता के समर्थन का भरोसा जताया।
राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने के साथ आम नागरिक का जीवन स्तर बेहतर करने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंतिम छोर के व्यक्ति को मजबूत करने की सोच के आधार पर सरकार काम कर रही है। जनता ने इन कार्यों पर अपनी मुहर लगाई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए बिजली, चिकित्सा, किसानों के लिए सम्मान निधि में राज्य सरकार की ओर से 3,000 रुपए जोड़ने, एमएसपी बढ़ाने, बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भरता, औद्योगिक विकास और राइजिंग राजस्थान जैसे प्रयासों को गिनाया। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने सरकारी नौकरियों के साथ कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई पर भी काम किया है।
उन्होंने कहा कि चुनाव में पार्टी ने स्थानीय निकायों को मजबूत करने का संकल्प पत्र जारी किया था। शहरों में ड्रेनेज, सड़क, अंडरपास, ओवरब्रिज, पानी की निकासी, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में काम किया जाएगा। भाजपा का लक्ष्य डबल इंजन की सरकार को ट्रिपल इंजन की सरकार में बदलकर विकास को गति देना है।
--आईएएनएस
एससीएच/पीएम