जदयू से निशांत कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री बनना चाहिए : पप्पू यादव
दरभंगा, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री पद के लिए निशांत कुमार का समर्थन किया। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि नीतीश कुमार को बिहार नहीं छोड़ना चाहिए। जनता ने उनको चुना था। अगर उन्होंने बिहार छोड़ा तो कोई परेशानी नहीं है। लेकिन, जदयू से ही मुख्यमंत्री बनाना चाहिए।
पप्पू यादव ने कहा कि बिहार का मुख्यमंत्री विनम्र व्यक्ति को बनना चाहिए। हिंदू-मुसलमान या जाति की राजनीति नहीं करने वाले को सूबे की कमान सौंपनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जदयू से निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनने में क्या परेशानी है? निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनना चाहिए।
इससे पहले पप्पू यादव ने आईएएनएस से बातचीत में जस्टिस यशवंत वर्मा को लेकर कहा था कि इस देश में बड़ा लंबा खेल चल रहा है। किसको कहां फंसाना है, किसको कहां तोड़ना है, किसको क्या करना है? सभी नेताओं का चाल-चरित्र दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि कोई जस्टिस अगर पैसा लेगा तो अपने घर में रखेगा, घर में कोई पैसा रखता है? उनके इस्तीफे का स्वागत करना चाहिए। उन्होंने कहा था कि पूरी संस्थाएं भ्रष्ट हैं और सबसे ज्यादा नेता भ्रष्ट हैं।
उन्होंने महिला आरक्षण बिल पर कहा कि मैं एक बात बिल्कुल साफ कर देना चाहता हूं कि समाज के गरीब और कमजोर तबकों को उम्मीद है कि ईबीसी, ओबीसी, एसटी, एससी और अल्पसंख्यक समुदायों की महिलाओं के साथ-साथ सामान्य वर्ग की गरीब महिलाओं को भी लोकसभा में जगह मिलनी चाहिए। अगर कोई ऐसा बिल लाने की कोशिश करता है जो ईबीसी, एसटी, एससी और गरीब तबकों की महिलाओं को नजरअंदाज करता है, तो उसका विरोध किया जाएगा।
पप्पू यादव ने हाल ही में हुमायूं कबीर को लेकर कहा था कि ये लोग इस्लाम के गद्दार हैं। ऐसे लोगों के कारण ही विचारों पर हमला होता रहा है। एआईएमआईएम को पहले ही गठबंधन तोड़ देना चाहिए था। कन्हैया कुमार के बयान पर उन्होंने कहा था कि देश की संपदा पर कब्जा करने वाले तो घुसपैठिए ही हैं। गरीब की जिंदगी से सबकुछ छीन लेना घुसपैठ है।
--आईएएनएस
एसडी/एबीएम