जेडीयू ने कई मोर्चों पर विपक्ष को घेरा, एनडीए की बैठक को एकता का प्रदर्शन बताया
पटना, 10 जून (आईएएनएस)। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने बुधवार को विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान की संभावित एंट्री को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि हर राजनीतिक दल को अपने संगठन का विस्तार करने का अधिकार है।
नीरज कुमार ने कहा कि एलजेपी (रामविलास) ने फैसला किया है कि वह उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ेगी। यह एक जायज़ फैसला है। एनडीए का नेतृत्व गठबंधन की सभी सहयोगी पार्टियों के साथ तालमेल बिठाने और उनके बीच उचित समन्वय स्थापित करने में सक्षम है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें जनता से मिले जनादेश के अनुसार काम करने का मौका मिलता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल अब जवाहरलाल नेहरू से भी लंबा हो गया है। स्वाभाविक रूप से वह एनडीए गठबंधन का नेतृत्व करते हैं और संसदीय दल के नेता हैं। यह पूरा दौर जनता से मिले जनादेश पर आधारित है और मतदाताओं की इच्छा को दर्शाता है।
कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन के राज्यसभा नामांकन पत्र खारिज होने के मामले में जेडीयू प्रवक्ता ने कहा कि अगर किसी का नामांकन पत्र खारिज होता है तो रिटर्निंग ऑफिसर को ऐसा फैसला लेने का अधिकार होता है। रिटर्निंग ऑफिसर किसी राजनीतिक दल का सदस्य नहीं होता है। इसलिए यदि उनके फैसले पर कोई आपत्ति है तो राजनीतिक आलोचना करने के बजाय उपलब्ध कानूनी प्रावधानों की जांच करना और उनका पालन करना बेहतर होगा।
दिल्ली में आयोजित होने वाली एनडीए की बैठक पर नीरज कुमार ने कहा कि यह सामूहिक एकता का प्रदर्शन होगा। बैठक में हम अपने कार्यों की समीक्षा करेंगे, उन पर चर्चा करेंगे और अपने काम पर गर्व करेंगे।
राजद द्वारा निशांत कुमार की शैक्षणिक योग्यता पर उठाए गए सवालों पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि निशांत कुमार ने सच को सच बताने का साहस किया और उन्होंने बातों को छिपाया नहीं। आपने (तेजस्वी यादव) कभी खुद को बड़ा बताया तो कभी तेज प्रताप को। सैलरी घोटाला आप करते हैं और आरोप दूसरे पर लगा रहे हैं।
पंजाब में कारोबारियों पर ईडी की कार्रवाई को लेकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान पर नीरज कुमार ने कहा कि देश की संवैधानिक व्यवस्था मजबूत है। खासकर सिख समुदाय और सिख रेजिमेंट का गौरवशाली इतिहास रहा है। गुरु गोविंद सिंह की महान परंपरा रही है। यदि कोई भड़काने का प्रयास करेगा तो कोई समुदाय उससे भड़कने वाला नहीं है। हां, इतना जरूर है कि ऐसे अनर्गल बयान देने वालों का वोट बैंक जरूर प्रभावित हो सकता है।
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की स्थिति पर उन्होंने कहा कि टीएमसी में भगदड़ मचना स्वाभाविक है, क्योंकि उनकी नेता ममता बनर्जी ने स्वयं कहा है कि जिसे रहना है रहे और जिसे जाना है जाए। अब हालात वैसे ही पैदा हो गए हैं। टीएमसी में नीतियों को लेकर भी एकजुटता नहीं है।
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नीरज कुमार ने कहा कि यह कोई बहुत बड़ी बात नहीं है। जो 420 का आरोपी हो और एक दोषसिद्ध नेता का बेटा हो, उससे ऐसी भाषा की अपेक्षा की जा सकती है। लेकिन सवाल तेजस्वी यादव से है कि यदि उन्हें सरकारी बंगला और सुरक्षा नहीं चाहिए तो उसे लिखित रूप से लौटाएं। साथ ही, अपने माता-पिता से पूछकर श्वेत पत्र जारी करें कि 1990 से 2005 के शासनकाल में मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, विधायक, सांसद, पूर्व विधायक और पूर्व सांसदों को सुरक्षा संबंधी कौन-कौन सी सुविधाएं दी जाती थीं। यह इसलिए जरूरी है क्योंकि ये सुरक्षा लौटाते भी नहीं हैं और सुरक्षा पर प्रवचन भी देते हैं।
--आईएएनएस
पीएसके/एएस