जदयू अब जनता दल यूनाइटेड नहीं, जनता दल 'डिवाइडेड' हो गई है: तेजस्वी यादव
पटना, 19 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने गुरुवार को केंद्र सरकार और भाजपा पर हमला बोलते हुए जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में जारी कथित गुटबाजी को लेकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि जदयू अब जनता दल यूनाइटेड नहीं रह गई है, बल्कि जनता दल 'डिवाइडेड' हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जदयू को खत्म करना चाहती है और पार्टी में मौजूदा घटनाक्रम उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव से पहले उन्होंने जो बातें कही थीं, आज वही सब देखने को मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने पहले ही कहा था कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनने दिया जाएगा और चुनाव के बाद जदयू खत्म हो जाएगी। आज पार्टी के भीतर आपसी खींचतान और गुटबाजी सामने आ रही है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब नीतीश कुमार अचेत अवस्था में थे, उस समय संजय झा और ललन सिंह जैसे नेता अपने राजनीतिक और व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए उन्हें भाजपा की तरफ लेकर चले गए।
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि इन नेताओं ने मंत्री पद, परिवार को राजनीतिक रूप से स्थापित करने, केंद्र सरकार में जगह, दिल्ली में बड़ा बंगला और सुरक्षा जैसी सुविधाओं के लिए यह सब किया। उन्होंने दावा किया कि इन लोगों की अगली राजनीतिक डील जदयू को खत्म करने की थी। तेजस्वी ने कहा कि जदयू दूसरी पार्टी है, इसलिए वे इस पर ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते, लेकिन राजनीतिक लोग राजनीतिक भाषा और राजनीतिक गतिविधियों को अच्छी तरह समझते हैं।
उन्होंने निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री रहते भाजपा को उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाना चाहिए था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उपमुख्यमंत्री पद भी ऐसे लोगों को मिला, जो मलाई खाने में लगे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि अगर नीतीश कुमार सचेत अवस्था में होते तो वे इंडिया गठबंधन और महागठबंधन के साथ रहते। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं और अधिकारियों ने अपने स्वार्थ तथा जांच से बचने के लिए नीतीश कुमार को भाजपा के हवाले कर दिया।
वहीं, राजद नेता सुनील सिंह को भ्रष्टाचार के एक मामले में ईडी द्वारा पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर तेजस्वी ने कहा कि ईडी का काम विपक्षी नेताओं के पीछे लगे रहना रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी संवैधानिक संस्थाओं को बर्बाद कर दिया है। ये संस्थाएं स्वतंत्र रूप से काम करने के बजाय राजनीतिक एजेंडे पर काम कर रही हैं।
तेजस्वी ने कहा कि जनादेश की चोरी को बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार तमाम कोशिशें कर रही है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार का जिक्र करते हुए भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। अंत में उन्होंने अशोक चौधरी का मामला उठाते हुए कहा कि इतने बड़े फ्रॉड के आरोपों को भी नहीं भूलना चाहिए।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम