×

जौहर विश्वविद्यालय पर कांग्रेस का योगी सरकार पर हमला, अजय राय बोले-राम मंदिर चढ़ावा मामले से ध्यान भटकाने की कोशिश

 

लखनऊ, 17 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को जौहर विश्वविद्यालय के खिलाफ प्रस्तावित कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि रामपुर स्थित विश्वविद्यालय को ध्वस्त करने की प्रक्रिया कानूनी कम और राजनीतिक अधिक दिखाई देती है। उनका दावा है कि सरकार इस कार्रवाई के जरिए राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले से जनता का ध्यान भटकाना चाहती है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में अजय राय ने कहा कि रामपुर विकास प्राधिकरण ने 15 जुलाई को जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को गिराने का आदेश जारी किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस दिन मामले की सुनवाई हुई, उसी दिन कुछ ही घंटों में 17 पृष्ठों का आदेश जारी कर दिया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय की स्थापना वर्ष 2005 में सिंघमखेड़ा गांव में हुई थी। उस समय यह क्षेत्र रामपुर विकास प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में नहीं बल्कि जिला पंचायत के अधीन था।

उनके अनुसार, वर्ष 2024 में इस क्षेत्र को विकास प्राधिकरण के दायरे में शामिल किया गया। ऐसे में स्थापना के समय विकास प्राधिकरण से नक्शा स्वीकृत कराने का सवाल ही नहीं उठता। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि विश्वविद्यालय सभी आवश्यक मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है और यह किसी एक समुदाय का संस्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि यहां बड़ी संख्या में विभिन्न समुदायों के छात्र शिक्षा प्राप्त करते हैं। यदि सरकार को आजम खान से राजनीतिक मतभेद हैं तो विश्वविद्यालय को ध्वस्त करने के बजाय उसका अधिग्रहण कर संचालन अपने हाथ में ले सकती है।

अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शिक्षा के विस्तार के बजाय शैक्षणिक संस्थानों को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में बड़ी संख्या में विद्यालय बंद हुए हैं, नए विश्वविद्यालयों की स्थापना की गति धीमी है और मेडिकल कॉलेजों में भी पर्याप्त संसाधनों एवं स्टाफ की कमी बनी हुई है। उन्होंने वाराणसी स्थित बीएचयू का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां पेड़ों की कटाई के मामले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने कार्रवाई की थी।

इसी क्रम में उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सभी कार्यालयों के भवनों के नक्शे नियमानुसार स्वीकृत हैं। यदि नियमों का पालन सभी के लिए समान है तो कार्रवाई भी समान रूप से होनी चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि जौहर विश्वविद्यालय में कोई तकनीकी या प्रशासनिक कमी है तो उसे नियमानुसार दूर कराया जाए या कंपाउंडिंग जैसी वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास और निर्माण के बजाय ध्वस्तीकरण की राजनीति कर रही है तथा शिक्षा संस्थानों को संरक्षित करने के बजाय उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

--आईएएनएस

विकेटी/पीएम