जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर कार्रवाई रोकने की मांग, जमात-ए-इस्लामी हिंद ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
रामपुर, 22 जुलाई (आईएएनएस)। जमात-ए-इस्लामी हिंद (जेआईएच) के एक प्रतिनिधिमंडल ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर का दौरा कर विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और छात्रों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के खिलाफ जारी ध्वस्तीकरण आदेश पर चिंता जताते हुए जिला मजिस्ट्रेट के माध्यम से उत्तर प्रदेश की राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार से मांग की कि विश्वविद्यालय परिसर में किसी भी प्रकार की ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए और हजारों छात्रों के शैक्षणिक हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
जमात-ए-इस्लामी हिंद ने विश्वविद्यालय की 38 इमारतों को ध्वस्त करने के आदेश पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। संगठन का कहना है कि 30 जुलाई की निर्धारित समय-सीमा नजदीक है और यदि परिसर में तोड़फोड़ की कार्रवाई होती है तो इससे छात्रों को गंभीर नुकसान होगा।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विश्वविद्यालय की कुल 40 इमारतों में से 38 को गिराने की स्थिति में संस्थान का अस्तित्व लगभग समाप्त हो जाएगा, जिससे करीब 3,000 छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होगी।
जमात-ए-इस्लामी हिंद ने जिला मजिस्ट्रेट के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर मामले में हस्तक्षेप का अनुरोध किया। ज्ञापन में कहा गया है कि छात्रों के शिक्षा के अधिकार और संस्थान की संवैधानिक पहचान की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
संगठन ने यह भी मांग की कि मामले को सक्षम न्यायालय के समक्ष रखा जाए ताकि ध्वस्तीकरण आदेश की वैधता और विश्वविद्यालय द्वारा उठाए गए अधिकार क्षेत्र संबंधी प्रश्नों का समाधान न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से हो सके।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में आर्थिक और सामाजिक रूप से वंचित वर्गों के छात्र शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें कई को शुल्क में रियायत भी मिलती है। ऐसे में बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण से हजारों विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से आग्रह किया कि ध्वस्तीकरण के बजाय नियमितीकरण (रेगुलराइजेशन) जैसे विकल्पों पर विचार किया जाए, ताकि किसी भी छात्र की शिक्षा प्रशासनिक कार्रवाई के कारण बाधित न हो।
जमात-ए-इस्लामी हिंद के प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय सचिव मौलाना मोहम्मद शफी मदनी, मोहम्मद अहमद, सहायक सचिव इनामुर्रहमान, जेआईएच उत्तर प्रदेश पश्चिम के प्रदेश अध्यक्ष मौलाना जमीरुल हसन फलाही, जेआईएच रामपुर के अध्यक्ष मौलाना अब्दुस्सलाम बस्तवी तथा वरिष्ठ पत्रकार सैयद खलीक अहमद शामिल रहे।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम