जापान में पंजाब एफसी, बेंगलुरु एफसी की शानदार जीत, एफसी गोवा को मिली हार
कुराते, 14 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय फुटबॉल के लिए मंगलवार का दिन रोमांचक रहा। देश की टॉप डेवलपमेंटल टीमों का मुकाबला जापान की जे-लीग टीमों से हुआ। इस दौरान कहीं दबदबा देखने को मिला तो कहीं रोमांचक मुकाबले हुए। कुल मिलाकर दिन भारतीय टीमों के नाम रहा। पंजाब एफसी और बेंगलुरु एफसी ने दो मैच जीते, जबकि एफसी गोवा को करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
दिन के सबसे शानदार प्रदर्शन में, पंजाब एफसी ने अविस्पा फुकुओका को 5-0 से करारी शिकस्त दी। पंजाब की टीम ने मैच की शुरुआत से ही जबरदस्त खेल दिखाया। सिंगमायुम शमी ने शुरुआती दौर में ही दो गोल (तीसरे और 28वें मिनट में) करके टीम को मजबूत बढ़त दिलाई। ओमांग डोडम (42वें मिनट) और नगारिन शाइजा (55वें मिनट) ने बढ़त को और बढ़ाया, और आखिर में विशाल यादव ने स्टॉपेज टाइम (90+2 मिनट) में गोल करके जीत पर मुहर लगा दी।
बेंगलुरु एफसी ने जबरदस्त जज्बा दिखाते हुए गिरावांज किताक्युशु के खिलाफ 3-2 से मुश्किल जीत हासिल की। र्युनोसुके इमाई के 40वें मिनट के गोल से पिछड़ने के बाद, बेंगलुरु ने दूसरे हाफ में वापसी की। रक्षित प्रिया अनिल ने 61वें मिनट में बराबरी का गोल किया।
एक दुर्भाग्यपूर्ण 'ओन गोल' की वजह से जापानी टीम मुकाबले में बनी रही, लेकिन सेर्टो वोर्नेइलेन कॉम के 75वें मिनट के गोल और आखिरी मिनटों में टीम के मजबूत डिफेंस (मोहम्मद अरबाश के 90वें मिनट के गोल के बावजूद) ने बेंगलुरु की जीत पक्की कर दी।
एफसी गोवा को एक कड़े मुकाबले में, सागन तोसु के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। उन्हें जेनर्यू ओनो ने छठे मिनट में एकमात्र गोल करके हराया। दूसरे हाफ में ज्यादा समय तक गेंद पर कब्जा रखने और कई अच्छे मौके बनाने के बावजूद एफसी गोवा, जापानी टीम के अनुशासित डिफेंस को भेद नहीं पाई मैच 1-0 से हार गई।
--आईएएनएस
पीएके